बोले- युवाओं के सवालों का जवाब दे सरकार, 19 सितंबर को राहुल गांधी करेंगे छात्रों से संवाद
इंदौर, 13 सितंबर। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था, भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और बेरोजगारी को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कई स्कूल जर्जर स्थिति में हैं, शिक्षकों की कमी है और शिक्षा लगातार महंगी होती जा रही है।
इंदौर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में पटवारी ने कहा कि व्यापम (एमपीईएसबी), पुलिस, नर्सिंग और एमपीपीएससी से संबंधित कई परीक्षाएं वर्ष 2020 से 2026 के बीच विवादों में रही हैं। उन्होंने दावा किया कि लाखों युवा रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर जाने को मजबूर हैं।
पटवारी ने प्रदेश के 2026-27 के बजट में शिक्षा, खेल, कला एवं संस्कृति क्षेत्र के लिए 52,917 करोड़ रुपये के प्रावधान का उल्लेख करते हुए कहा कि 2025-26 के संशोधित अनुमान में यह राशि 46,844 करोड़ रुपये थी। उन्होंने कहा कि बजट प्रावधान बढ़ने के बावजूद स्कूलों की स्थिति और शिक्षकों की कमी जैसी समस्याएं बनी हुई हैं।
राहुल गांधी का कार्यक्रम, प्रशासन 10 लाख क्या 10 करोड़ भी मांगे तो दे देते
उन्होंने बताया कि शिक्षा, रोजगार और भर्ती व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर 19 सितंबर को इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम भारत जोड़ो मैदान, रीजनल पार्क के सामने होगा, जिसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी युवाओं और विद्यार्थियों से संवाद करेंगे।
पटवारी के अनुसार कार्यक्रम में कलाकारों की प्रस्तुतियों के बाद राहुल गांधी लगभग एक घंटे तक युवाओं से सीधे संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन पंजीकरण के आधार पर बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और युवाओं के पहुंचने की संभावना है।
पटवारी ने कार्यक्रम के लिए प्रशासनिक स्तर पर 10 लाख रुपये की राशि मांगे जाने का भी उल्लेख किया और कहा कि कांग्रेस युवाओं से जुड़े इस कार्यक्रम के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने को तैयार है। उन्होंने भाजपा सरकार से छात्रों और युवाओं की समस्याओं पर जवाब देने की मांग की।
इस मौके पर राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष अशोक सिंह, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, शोभा ओझा, सत्यनारायण पटेल, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, इंदौर नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सोनिला मीमरोट, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राजेश चौकसे एवं अमित चौरसिया सहित कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
