शाम 4:30 बजे से आयोजन, योग-व्यायाम प्रदर्शन और बौद्धिक उद्बोधन के जरिए राष्ट्र निर्माण का संदेश देंगे स्वयंसेवक
इन्दौर, 27 अक्टूबर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मालवा प्रान्त के इन्दौर विभाग का शताब्दी वर्ष समापन कार्यक्रम ‘चरैवेति-एकत्रीकरण’ बुधवार, 28 अक्टूबर को सायं 4:30 बजे डेली कॉलेज, इन्दौर में आयोजित होगा। इसमें इन्दौर महानगर एवं महू ग्रामीण क्षेत्र के सक्रिय स्वयंसेवक सम्मिलित होंगे।
आयोजकों की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्र प्रथम, संगठित समाज एवं सामाजिक समरसता के भाव को सुदृढ़ करते हुए प्रत्येक भारतीय में राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध जागृत करना है। आयोजन में स्वयंसेवक व्यायाम एवं योग का प्रदर्शन करेंगे तथा सामूहिक गीत प्रस्तुत करेंगे। साथ ही, शताब्दी वर्ष के दौरान इन्दौर विभाग में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों का विवरण प्रस्तुत किया जाएगा और बौद्धिक उद्बोधन भी होगा।
आयोजकों के अनुसार, इस कार्यक्रम के माध्यम से स्वयंसेवकों एवं समाज को राष्ट्र निर्माण के कार्य में निरंतर सक्रिय रहने का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम में समाज का प्रबुद्ध वर्ग भी उपस्थित रहेगा। आयोजन की तैयारियां स्वयंसेवकों द्वारा विगत एक माह से की जा रही हैं।
