लंबे समय से उठ रही एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट और जर्नलिस्ट प्रोटेक्शन एक्ट की मांग
इंदौर, 29 अक्टूबर 2026 : अधिवक्ताओं और पत्रकारों के हितों के संरक्षण के लिए एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट और जर्नलिस्ट प्रोटेक्शन एक्ट की आवश्यकता है। आम जनता के हितों की लड़ाई और जनता का विश्वास इन दोनों वर्गों की भूमिका से जुड़ा है। यह बात बार काउंसिल ऑफ इंडिया के नवनिर्वाचित सदस्य एडवोकेट हितोषी जय हार्डिया ने इंदौर प्रेस क्लब में आयोजित सम्मान समारोह में कही।
मप्र स्टेट बार काउंसिल के सदस्य के रूप में दूसरी बार निर्वाचित हुए हार्डिया हाल ही में बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य भी चुने गए हैं। सम्मान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं और पत्रकारों के बीच गहरा संबंध है। दोनों वर्गों के हितों का संरक्षण समाज को न्याय दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
हार्डिया ने कहा कि इस विषय पर जल्द ही एक संयुक्त कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें विस्तृत मसौदा तैयार कर केंद्र और राज्य सरकार को भेजने की योजना है। उन्होंने प्रदेश के विधि महाविद्यालयों के उन्नयन और कानूनी शिक्षा के स्तर में सुधार के लिए प्रयास तेज करने की बात भी कही। एडवोकेट विवेक सिंह का उल्लेख करते हुए हार्डिया ने कहा कि वे उनके बड़े भाई की तरह हैं। ऐसे में चुनाव में जीत की खुशी तो है, लेकिन उत्साह नहीं।
