हर घर तिरंगा अभियान को लेकर भाजपा कार्यालय पर प्रेसवार्ता

इंदौर,10 अगस्त 2024:

जावरा कंपाउंड स्थित भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) कार्यालय पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे ने प्रेस वार्ता आयोजित की। रणदिवे ने संवाददाताओं को बताया कि तिरंगा यात्राओं और महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के साथ अभियान की शुरुआत होगी। युवा मोर्चा द्वारा 11, 12 और 13 अगस्त को नगर की हर विधानसभा में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जाएगा। स्वतंत्रता सेनानियों के स्मारकों पर 12, 13 और 14 अगस्त को माल्यार्पण किया जाएगा। 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस मनाया जाएगा, जिसमें विभाजन की त्रासदी को उजागर करने और इसके लिए जिम्मेदार ताकतों के प्रति सतर्कता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदर्शनियां और गोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। अभियान के दौरान, पार्टी कार्यकर्ता समाज के हर वर्ग को इसके प्रति जागरूक करेंगे। शहर के 2600 से अधिक पोलिंग बूथ पर तिरंगा यात्रा जाएगी। हम बूथों पर न्यूनतम शुल्क में तिरंगा देंगे। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य नागरिकों में तिरंगा के प्रति देश भक्ति का भाव पैदा करना है। इसके साथ ही ये भी महत्वपूर्ण है कि तिरंगे का सम्मान करते हुए उसे उसके प्रोटोकॉल के मुताबिक उतार कर रखें, जमीन पर न फेंके।

रणदिवे ने इस अभियान को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरी दुनिया में भारत का तिरंगा लहरा रहा है। तिरंगा हमारी पहचान और हर भारतीय का गौरव है, और इसे देखकर राष्ट्रीयता की भावना जागृत होती है। रणदिवे ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी स्वतंत्रता दिवस पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चला रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के नेतृत्व में इस अभियान के तहत 1 लाख से अधिक परिवारों तक तिरंगा पहुंचाने और हर घर पर उसे फहराने का प्रयास किया जाएगा। यह अभियान 11 अगस्त से शुरू होकर 15 अगस्त तक चलेगा।

प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर समितियों का गठन

अभियान की सफलता के लिए प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर समितियों का गठन किया गया है। पार्टी के सांसद, विधायक, महापौर और सभी जनप्रतिनिधि इस अभियान में शामिल होंगे। तिरंगे ध्वज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए स्व सहायता समूह की बहनों से भी सहयोग लिया जाएगा और घर-घर जाकर तिरंगा वितरण के साथ ही विधानसभा एवं वार्डों में स्टाल लगाकर भी तिरंगे वितरित किए जाएंगे। यह अभियान भारत के स्वाभिमान और तिरंगे की गरिमा को हर घर तक पहुंचाने की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसमें समाज, देश, प्रदेश और इंदौर महानगर की जनता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष चिंटू वर्मा, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी दीपक जैन,मीडिया प्रभारी रितेश तिवारी एवं सह मीडिया प्रभारी नितिन द्विवेदी उपस्थित रहे।