पूज्य सागर का आह्वान—सभी गुट मिलकर बढ़ाएं समाज, युवाओं को जोड़ना बड़ी जिम्मेदारी
इंदौर। सामाजिक संसद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष आनंद गोधा का शपथ ग्रहण समारोह रविवार कौनगरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुनि श्री पूज्य सागर जी महाराज ने समाज में एकता और समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि सभी गुटों को साथ लेकर सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाना आवश्यक है, तभी इंदौर का जैन समाज पुनः राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत कर सकेगा।
प्रचार प्रमुख प्रवीण जैन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपने उद्बोधन में कहा कि वे समाज में चुनाव के बजाय निर्विरोध चयन के पक्षधर हैं। उन्होंने आनंद गोधा को सलाह दी कि वे सभी वर्गों को साथ लेकर चलें और विशेष रूप से युवाओं को संस्कारों से जोड़कर समाज की दिशा तय करें।
कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाचरण से हुई, वहीं महावीर युवा मंच द्वारा धर्मध्वजा स्थापना की गई। न्यायमूर्ति जे.के. जैन ने समाज के पूर्व अध्यक्षों और चुनाव अधिकारी नरेन्द्र कुमार जैन की उपस्थिति में आनंद गोधा को शपथ दिलाई। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों को महावीर जयंती की स्वर्ण कलश यात्रा में योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया।
समाज के वरिष्ठ एम.के. जैन ने हर्ष जैन को महामंत्री नियुक्त करने की घोषणा की। अपने उद्बोधन में आनंद गोधा ने आगामी 15 दिनों में नई टीम गठित करने की बात कही। समारोह में समाज के अनेक गणमान्य नागरिक एवं विभिन्न मंदिरों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
