सुपर कॉरिडोर, आवासीय-व्यावसायिक भूखंडों और बिजली ग्रिड विस्तार समेत कई प्रस्तावों पर लगी मुहर

इंदौर, 16 मई 2026

इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) के संचालक मंडल की बैठक शुक्रवार को संभागायुक्त एवं अध्यक्ष डॉ. सुदाम खाड़े की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में शहर के बुनियादी ढांचे, परिवहन, आवासीय और व्यावसायिक विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
बैठक में तुलसी नगर पुलिया से योजना क्रमांक-134 स्थित वसुंधरा कॉम्पलेक्स तक प्रस्तावित 30 मीटर चौड़ी सड़क को 4 लेन के स्थान पर 6 लेन बनाने की स्वीकृति दी गई। इस कार्य पर लगभग 70 लाख रुपये अतिरिक्त खर्च होंगे। इससे क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय में कुमेड़ी स्थित आईएसबीटी के संचालन एवं रखरखाव के लिए प्राप्त निविदाओं पर विचार करते हुए मेसर्स बीवीजी इंडिया लिमिटेड, पुणे की निविदा स्वीकृत की गई। इसके साथ ही आईएसबीटी संचालन का रास्ता साफ हो गया है।
बैठक में प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं में उपलब्ध भूखंडों के विकास के लिए ईपीसी (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन) मॉडल के तहत कार्य कराने का निर्णय लिया गया। इसके लिए 60.98 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई। इनमें लोकल शॉप, आरसीएम और कन्वीनियंट शॉप जैसे भूखंड शामिल हैं।
साथ ही विभिन्न योजनाओं में पीपीपी मॉडल के तहत निर्माण कार्यों की विस्तृत योजना तैयार करने के लिए कंसल्टेंट-कम-ट्रांजेक्शन एडवाइजर नियुक्त करने को मंजूरी दी गई।
बैठक में ग्राम मोरोद, तहसील बिचौली हप्सी की शासकीय भूमि पर प्रस्तावित मंडी के निर्माण एवं विकास कार्य को कृषि उपज मंडी विभाग द्वारा स्वयं कराए जाने पर सहमति दी गई।
इसके अलावा उज्जैन-इंदौर मेट्रोपॉलिटन रीजन प्लान (यूआईएमआर) के बढ़े क्षेत्रफल के अनुसार कंसल्टेंट भुगतान को मंजूरी दी गई।
आईडीए ने विभिन्न योजनाओं में आवासीय, शैक्षणिक, व्यावसायिक और सुपर कॉरिडोर उपयोग के अनेक भूखंडों की न्यूनतम दरें भी निर्धारित की हैं। इससे इन संपत्तियों के आवंटन और उपयोग का मार्ग प्रशस्त होगा।
बैठक में एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय के तहत योजना क्रमांक-97 भाग-4 रेती मंडी के पास विद्युत ग्रिड निर्माण के लिए पहले आवंटित 1 हेक्टेयर भूमि के स्थान पर 1.6 हेक्टेयर भूमि आवंटित करने की मंजूरी दी गई। इससे पश्चिमी क्षेत्र, राऊ और बायपास के आसपास बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान में मदद मिलने की संभावना जताई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *