इंदौर, 03 दिसंबर 2025 । भारतीय प्रबंध संस्थान (IIM) इंदौर में प्लेसमेंट कमेटी के सदस्य पर छात्राओं के साथ यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप सामने आने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने सोमवार को संस्थान के निदेशक को ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

ABVP की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि प्लेसमेंट कमेटी के सदस्य हर्षित केजरीवाल पर ऑफ-कैंपस कार्यक्रम के दौरान कुछ छात्राओं ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पीड़ित छात्राओं ने घटना की औपचारिक शिकायत भी संस्थान में दर्ज की है, लेकिन एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अभी तक कोई निर्णायक कार्रवाई नहीं की गई।

ABVP ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी छात्र अब भी कैंपस में सक्रिय है और संस्थान की वेबसाइट पर प्लेसमेंट कमेटी के सक्रिय सदस्य के रूप में दर्शाया जा रहा है। परिषद ने प्लेसमेंट कमेटी पर मामले को दबाने और आरोपी को संरक्षण देने का भी आरोप लगाया।

संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से चार प्रमुख मांगें रखीं—
(1) आरोपी का तत्काल निलंबन
(2) आरोपी का समर्थन करने वालों की भूमिका की जांच
(3) वर्तमान प्लेसमेंट कमेटी को भंग कर पुनर्गठन
(4) निष्पक्ष, समयबद्ध और पारदर्शी जांच के साथ पीड़िताओं को मानसिक व कानूनी सहयोग

ABVP संगठन ने तीन दिनों के भीतर कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी है। आईआईएम संस्थान की तरफ से खबर प्रकाशित होने तक आधिकारिक वर्जन सामने नहीं आया है। वर्जन आने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।