IIPS में दीक्षांत समारोह की तैयारी पूरी, 26 मई को होगा आयोजन
इंदौर, 25 मई 2026
मध्य प्रदेश के इंदौर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के प्रमुख विभाग इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज (IIPS) में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के दीक्षांत समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संस्थान में वर्ष 2002 से चली आ रही परंपरा के तहत प्रत्येक वर्ष स्नातक पूरा करने वाले विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों और योगदान को सम्मानित किया जाता है।
संस्थान की ओर से प्रोफेसर डॉ अंशु भाटी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार दीक्षांत समारोह का आयोजन 26 मई को खंडवा रोड स्थित देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में किया जाएगा। इस वर्ष मैनेजमेंट, टेक्नोलॉजी और एंटरप्रेन्योरशिप पाठ्यक्रमों से जुड़े 450 स्नातक विद्यार्थियों को ट्रांसक्रिप्ट एवं ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही शैक्षणिक सत्र के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तथा बेहतर प्रोजेक्ट तैयार करने वाले विद्यार्थियों को विशेष उपलब्धियों के लिए सम्मानित भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रो. राकेश सिंघई मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और विद्यार्थियों को ट्रांसक्रिप्ट एवं टीसी वितरित करेंगे। वहीं कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. प्रज्वल खरे की भी उपस्थिति रहेगी।
संस्थान की निदेशक प्रो. यामिनी करमरकर ने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की उपलब्धियों, स्मृतियों और उनके नए सफर की शुरुआत का अवसर है। उन्होंने सभी स्नातक विद्यार्थियों के उज्ज्वल और सफल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
