जनगणना 2027: पूछे जाएंगे 33 सवाल, सरकार का नोटिफिकेशन जारी
नई दिल्ली, 23 जनवरी 2026: केंद्र सरकार ने आगामी जनगणना 2027 को लेकर बड़ा कदम उठाते हुए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। भारत सरकार द्वारा कराई जाने वाली इस जनगणना के दौरान देशभर की जनता से कुल 33 सवाल पूछे जाएंगे। यह नोटिफिकेशन भारत के राजपत्र (The Gazette of India) में प्रकाशित किया गया है। इस बार ‘अनाज कौनसा इस्तेमाल’ करते हैं, यह सवाल जोड़ा गया है।
गृह मंत्रालय द्वारा जारी इस अधिसूचना के अनुसार, जनगणना अधिनियम 1948 की धारा 8 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह निर्णय लिया गया है। जनगणना के दौरान मकानों की सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग) और आवास से संबंधित विस्तृत जानकारी एकत्र की जाएगी।
इन विषयों पर पूछे जाएंगे सवाल
जनगणना में पूछे जाने वाले 33 सवालों में नागरिकों के आवास, सुविधाओं और संसाधनों से जुड़ी जानकारी शामिल होगी। इनमें प्रमुख रूप से—
मकान का नंबर और प्रकार
मकान में प्रयुक्त सामग्री
मकान की स्थिति और उपयोग
परिवार के सदस्यों की संख्या
परिवार के मुखिया का नाम व लिंग
पीने के पानी का स्रोत
सामाजिक वर्ग से संबंधित जानकारी
बिजली, शौचालय और नाली व्यवस्था
खाना पकाने के लिए प्रयुक्त ईंधन
इंटरनेट, कंप्यूटर, मोबाइल और टेलीफोन की सुविधा
वाहन (साइकिल, स्कूटर, कार आदि)
परिवार द्वारा उपयोग किए जाने वाले प्रमुख अनाज
जनगणना से संपर्क हेतु मोबाइल नंबर जैसे कई अहम बिंदु शामिल हैं।
नीतियों और योजनाओं की नींव
सरकार का कहना है कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े नीति निर्माण, विकास योजनाओं और संसाधनों के न्यायसंगत वितरण में अहम भूमिका निभाते हैं। आवास, पेयजल, स्वच्छता, डिजिटल कनेक्टिविटी और सामाजिक कल्याण योजनाओं की दिशा इन्हीं आंकड़ों के आधार पर तय की जाती है। गृह मंत्रालय ने नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना कर्मियों को सही और पूर्ण जानकारी दें, ताकि देश के विकास से जुड़ी योजनाएं ज़मीनी हकीकत के अनुसार बनाई जा सकें।
