हवाला नेटवर्क भी जांच के घेरे में…
इंदौर। शहर में शुक्रवार को आयकर विभाग ने बीआर गोयल समूह से जुड़े ठेकेदारों और कारोबारियों के ठिकानों पर बड़ी छापेमारी की। सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई केवल काली कमाई तक सीमित नहीं है, बल्कि ठेकों के आवंटन में कथित तौर पर शामिल अधिकारियों की भूमिका और हवाला नेटवर्क की भी गहन जांच की जा रही है।
आयकर विभाग की कई टीमें अलसुबह सपना-संगीता रोड और बिचौली हप्सी क्षेत्र में बीआर गोयल समूह से जुड़े विभिन्न ठिकानों पर पहुंचीं। बताया जा रहा है कि एक साथ कई स्थानों पर दबिश दी गई, जिसके चलते पूरे दिन हलचल बनी रही।
हवाला नेटवर्क की भी जांच
जानकारी के मुताबिक, आयकर विभाग इस बात की भी जांच कर रहा है कि क्या ठेकों से जुड़ी अवैध कमाई हवाला के जरिए इधर-उधर पहुंचाई गई। इसी वजह से कुछ हवाला कारोबारियों पर भी विभाग की नजर है। सूत्र बताते हैं कि कार्रवाई का दायरा आगे और बढ़ सकता है।
कई गाड़ियों में पहुंचे अधिकारी
इस कार्रवाई को बड़े स्तर की बताया जा रहा है, जिसमें दो दर्जन से अधिक आयकर टीमें शामिल हैं। अधिकारी कई गाड़ियों में अलग-अलग स्थानों पर पहुंचे और दस्तावेजों, लेन-देन और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
जानिए कौन है बीआर गोयल समूह
बीआर गोयल समूह के मालिक ब्रिज किशोर गोयल हैं, जो समूह के चेयरमैन और एमडी भी हैं।
समूह में:
- राजेंद्र गोयल और गोपाल गोयल – होल टाइम डायरेक्टर
- उपल गोयल और यथ गोयल – एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर
- मोहित भंडारी, खुशबू पाटीदार, ब्रिज मोहन माहेश्वरी और रविंद्र कराड़ा – नॉन एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर शामिल हैं।
कार्रवाई जारी
आयकर विभाग की यह कार्रवाई अभी जारी है और अंतिम आंकड़े व बरामदगी को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में और खुलासे हो सकते हैं।
