इंदौर, 24 मार्च 2026 (newso2)
माँ अहिल्या की नगरी इंदौर में मानवता और सेवा का एक और प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। शुजालपुर निवासी 34 वर्षीय अनुपम नालमे (पिता जगदीश नालमे), जिन्हें गंभीर ब्रेन हेमरेज के बाद सीएचएल केयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, को चिकित्सकों ने उपचार के दौरान ब्रेन डेथ की स्थिति में घोषित किया।
पेशे से इंजीनियर अनुपम नालमे के परिवार ने सामाजिक संगठन ‘मुस्कान ग्रुप’ से संपर्क कर अंगदान का निर्णय लिया। मुस्कान ग्रुप के सेवादार जीतू बगानी और संदीपन आर्य द्वारा काउंसलिंग के बाद परिजनों ने उदारतापूर्वक अंगदान के लिए सहमति प्रदान की। इस निर्णय में दिवंगत के पिता जगदीश नालमे, बुआ डॉ. वर्षा, भाई अनुराग और जुबीन नालमे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, प्रथम ब्रेन डेथ सर्टिफिकेशन मंगलवार शाम 5:13 बजे तथा द्वितीय सर्टिफिकेशन रात्रि 12:00 बजे पूरा किया गया। अंगदान प्रक्रिया के तहत दानदाता का लिवर सीएचएल अस्पताल में 44 वर्षीय महिला मरीज को, एक किडनी 34 वर्षीय महिला मरीज को तथा दूसरी किडनी शेल्बी अस्पताल में 39 वर्षीय पुरुष मरीज को प्रत्यारोपित किए जाने की तैयारी है।
वहीं, हाथ, पेनक्रियाज, बोन, हार्ट वाल्व और छोटी आंत के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अलर्ट जारी किया गया है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक इन अंगों का आवंटन नहीं हो सका था।
पूरी प्रक्रिया का संचालन SOTTO (मध्य प्रदेश शासन) के इंदौर स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज कार्यालय से नोडल अधिकारी डॉ. मनीष पुरोहित और शुभम वर्मा द्वारा किया जा रहा है। इस दौरान प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद शंकर लालवानी, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खेड़े तथा एप्रोप्रिएट अथॉरिटी डॉ. अरविंद धनघरिया द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, अंग प्रत्यारोपण हेतु ग्रीन कॉरिडोर बुधवार सुबह करीब 11 बजे बनाए जाने की संभावना है। आगे की जानकारी शीघ्र जारी की जाएगी।
