चंदन नगर क्षेत्र में झाड़ियों में मिला खून से सना शव, एक्टिवा भी मिली लावारिस हालत में
इंदौर, 18 सितम्बर। चंदन नगर थाना क्षेत्र में सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां घर से गायब युवक की खून से सनी लाश मिली है। मृतक की पहचान अतुल पवार निवासी परिवहन नगर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, अतुल पवार का शव डीपीएस स्कूल के पास खाली मैदान की घनी झाड़ियों में बरामद हुआ। मौके पर खून से लथपथ शव के साथ ही सड़क किनारे एक एक्टिवा स्कूटी भी लावारिस हालत में मिली।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि अतुल पवार कल शाम करीब 6 बजे से घर से लापता था। जब देर रात तक वह घर नहीं लौटा, तो उसकी तलाश शुरू की गई।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या यह मामला हत्या का लग रहा है, लेकिन पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है।
