समाजवादी नगर में युवक ने कुत्ते को डंडे से पीटा, शिकायत पर आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम में केस दर्ज
इंदौर, 18 सितम्बर। इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला इंदौर के छत्रीपुरा थाना क्षेत्र से सामने आया है। समाजवादी नगर इलाके में एक युवक ने सड़क किनारे बैठे बेजुबान कुत्ते पर डंडे से बेरहमी से हमला कर दिया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी युवक बिना किसी कारण कुत्ते पर डंडा बरसाता है। इस अमानवीय कृत्य के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने आरोपी का विरोध किया।
इस घटना की शिकायत एनजीओ पीपल फॉर एनिमल ने की, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक गोलू पंवार के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
