इंदौर में ‘बम कांड’ की चौतरफा आलोचना

इंदौर

देश में स्वच्छता में सिरमौर इंदौर में जिस तरह से सियासी घटनाक्रम में ‘बम कांड’ हुआ है, उससे राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर इंदौर की किरकिरी हुई है। तीन दशक से अपनी शुचितापूर्ण राजनीति के लिए ख्यात पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन (ताई) की नगरी में फुस्सी बम की चौतरफा आलोचना हो रही है। यहाँ तक कि 8 बार की सांसद श्रीमती महाजन भी खुद हैरान हैं। विपक्षी दल इसे लोकतंत्र की हत्या बता रहे हैं तो भाजपाई अक्षय बम को खोटा सिक्का कह रहे हैं। जानिए किसने क्या कहा:-

मैंने ऐसी राजनीति नहीं की- महाजन

शुचितापूर्ण राजनीति के लिए ख्यात पूर्व लोक सभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने कहा कि मैं खुद हैरान हूँ। इंदौर सबसे सुरक्षित सीट थी, जो हुआ उसकी आवश्यकता नहीं थी। मैं बात करूंगी ऐसा क्यों किया? मैंने साफ सुथरी राजनीति की है। इस तरह की राजनीति नहीं की। https://newso2.com/response-to-indore-congress-candidate-joining-bjp-controversy-and-sumitra-mahajan-commentary-on-the-issue

जब व्यक्ति टूटने तैयार हो तो पार्टी क्या करेगी- सत्तन

अपने बेबाक बयानों के लिए पहचाने जाने वाले वरिष्ठ भाजपा नेता सत्यनारायण सत्तन ने कहा अक्षय बम साहसी होकर चुनाव लड़ रहा था, लेकिन उसमें खुद विसंगति थी, उसकी नाव में छेद था। भाजपा द्वारा तोड़ लिए जाने के प्रश्न पर कहा कि जो खुद टूटने के लिए तैयार हो, उसमें भाजपा क्या करेगी ?

बगैर मन के चुनाव लड़ रहा था अक्षय- तिवारी

भाजपा नेता और पूर्व मीडिया प्रभारी देवकी नंदन तिवारी ने कहा कि अक्षय बम बिना मन के कांग्रेस से चुनाव लड़ रहा था। नामांकन फॉर्म भरते समय ही उसने भाजपा में जाने का मन बना लिया था। उसे कांग्रेस में वो सहयोग और समर्थन नहीं मिल रहा था जो उसे चाहिए था। बल्कि आर्थिक रूप से भी उस पर ज्यादा भार आ रहा था, जबकि भाजपा समृद्ध पार्टी है। नामांकन वाले दिन से ही बम का मन दृवित था। वह अपनी मर्जी से भाजपा में आया है। पार्टी से उससे संपर्क नहीं किया था। https://newso2.com/akshay-bam-lost-the-opportunity-to-garner-public-support

विपक्षी पार्टियों ने कहा’ लोकतन्त्र की हत्या’

वरिष्ठ कांग्रेस नेता राकेश सिंह यादव ने कहा स्वच्छ इंदौर में गंदी राजनीति हो रही है। यादव ने सुमित्रा महाजन को पत्र लिखा है। यादव बताते हैं कि उन्होने ताई से निवेदन किया है देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में भाजपा के अंदर “स्वच्छ भाजपा- स्वच्छ इंदौर अभियान “ चलाना चाहिए। जो हुआ वह लोकतंत्र पर प्रहार है। इसके भविष्य में दुष्परिणाम देखने मिलेंगे।

सरे राह लूट- बसपा

बहुजन समाज पार्टी के इंदौर प्रत्याशी संजय सोलंकी ने इस पूरे सियासी घटनाक्रम को लोकतंत्र की हत्या और इंदौर में सत्तापक्ष की सरे राह लूट बताया। निर्दलीय चुनाव लड़ रहे 31 वर्षीय अर्जुन परिहार ने भी इस कृत्य को ‘लोकतन्त्र की हत्या’ बताया।  निर्दलीय प्रत्याशी मुदित चौरसिया ने कहा कि पार्टियों को अच्छे, कर्मठ उम्मीदवार नहीं, पैसे वाले प्रत्याशी चाहिए, जिसका हश्र अक्षय बम के रूप में सामने आया है।

ये कैसे सनातनी जिन्होने गुरु (पार्टी) को धोखा दे दिया- अयाज अली

इंदौर से निर्दलीय उम्मीदवार 37 वर्षीय एयाज़ अली ने कहा- सनातन धर्म में गुरु को ही विष्णु, ब्रहमा, महेश कहा गया है। अक्षय बम हों या संजय शुक्ला, विशाल पटेल या अन्य , कांग्रेस पार्टी ने इन्हें बहुत कुछ दिया है, पार्टी इनकी गुरु है। फिर ये कैसे सनातनी हैं जिन्होने गुरु को ही धोखा दे दिया ?

उल्लेखनीय है इंदौर से कांग्रेस लोकसभा प्रत्याशी अक्षय बम ने फार्म वापसी के आखिरी दिन नामांकन वापस लेकर भाजपा में शामिल हो गए जिससे कांग्रेस अब इंदौर में प्रत्याशी विहीन हो गई है।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित दैनिक पीपुल्स समाचार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।