झंडा चौक स्थित कोष्ठी मोहल्ले में बड़ा हादसा, महापौर मौके पर, राहत-बचाव जारी
इंदौर: इंदौर में सोमवार रात बड़ा हादसा हुआ। झंडा चौक स्थित कोष्ठी मोहल्ले में एक बहुमंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के वक्त कई लोग इमारत में मौजूद थे और उनके मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
एमजीएम मेडिकल कॉलेज डीन डॉ अरविंद घनघोरिया ने बताया कि 6 घायलों को एमवायएच लाया गया है, जहां उन्हें समुचित उपचार दिया जा रहा है।
जानकारी मिलते ही नगर निगम, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। महापौर पुष्यमित्र भार्गव भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। अभी तक कितने लोग दबे हैं इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, फिलहाल राहत-बचाव जारी है और जैसे ही नई जानकारी सामने आती है, खबर अपडेट की जाएगी।
आपको बता दें इसके पहले पिछले सोमवार 15 सितंबर को एक भीषण ट्रक हादसा हुआ था, जिसमें सरकारी आंकड़ों में 3 लोगों की मौत दर्ज है। सितंबर के शुरुआत में 1 सितंबर सोमवार को एमवायएच में नवजात को चूहों के कुतरने की घटना सामने आई थी, जिसके बाद नवजात बच्चियों की मौत हो गई थी। सितंबर में लगातार हो रहे हादसों से शहर दहल गया है।
