कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में समय सीमा पत्रों (टीएल) के निराकरण की बैठक संपन्न
इंदौर, 15 दिसम्बर 2025: इंदौर कलेक्टर कार्यालय में कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में समय सीमा (टीएल) पत्रों के निराकरण और अंतरविभागीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आदेशानुसार शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचे और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का त्वरित निराकरण हो।
बैठक में अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार, स्मार्ट सिटी सीईओ अर्थ जैन, अपर कलेक्टर रोशन राय, एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की और आवेदकों से सीधे चर्चा कर उनके समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान रितेश मोरे ने अपनी बहन के स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत रहने के दौरान बकाया वेतन न मिलने की शिकायत की। कलेक्टर ने मामले में लापरवाही पाई और लेखापाल को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को सात दिन में औपचारिकताएं पूरी कर भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया। इसी तरह तीन अन्य लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर वर्मा ने सभी विभागों को चेताया कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुराने प्रकरणों का रैंडम चयन कर आवेदकों से सीधे संवाद किया जा रहा है और दोष पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
साथ ही, एसआईआर (Special Intensive Revision) की प्रगति पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने सभी एसडीएम एवं राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने मूल राजस्व कार्यों में किसी प्रकार का विलंब न होने दें और सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का समय पर निराकरण सुनिश्चित करें।
