जिले के सभी खतरनाक कारखानों का निरीक्षण विशेष दलों द्वारा किया जाएगा

इंदौर, 15 दिसंबर 2025: कलेक्टर कार्यालय इंदौर में आज सोमवार को कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में जोनल सेफ्टी काउंसिल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के औद्योगिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों को और मजबूत बनाने हेतु कई अहम निर्देश जारी किए गए। 

कलेक्टर वर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि जहाँ सुरक्षा उपायों में कमी पाई जाएगी, वहाँ कारखानों को सुधार के लिए समय दिया जाएगा। निर्धारित समय-सीमा में कमियाँ दूर न करने पर संबंधित कारखानों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

                बैठक में कलेक्टर शिवम वर्मा ने निर्देश दिये कि सभी औद्योगिक इकाइयों को 15 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से सुरक्षा ऑडिट कराना होगा। सुरक्षा मानकों एवं मापदंडों का पालन न करने वाली इकाइयों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के लिए संयुक्त दल गठित किए जाएंगे, जो सभी इकाइयों का फील्ड इंस्पेक्शन कर सुरक्षा उपायों का परीक्षण करेंगे। घटनाओं पर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए रिस्पांस दल (Response Teams) भी बनाए जाएंगे। जिले की सभी औद्योगिक इकाइयों के लिए सुरक्षा संबंधी मार्गदर्शक निर्देश जारी किए जा रहे हैं, जिनका पालन अनिवार्य होगा।

                कलेक्टर वर्मा ने बताया कि हाल ही में विभिन्न स्थानों से स्प्रेड पॉइंट और अन्य सुरक्षा संबंधित कमियां सामने आई हैं, जिससे कई दुर्घटनाएं भी हुई हैं। इसी संदर्भ में प्रशासन द्वारा अनसेफ मानी गई फैक्ट्रियों को सील किया जा रहा है। सुरक्षा मानकों का बार-बार उल्लंघन करने वाली इकाइयों को बंद करने की कार्रवाई जारी है। कई इकाइयों को सुधार के लिए अवसर भी दिए गए, ताकि वे फायर सेफ्टी, इमरजेंसी मैनेजमेंट और केमिकल हैंडलिंग की मानक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित कर सकें।

                कलेक्‍टर वर्मा ने बताया कि औद्योगिक इकाइयों के लिए ट्रेनिंग और मॉकड्रिल की योजना भी है। कलेक्टर वर्मा ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर एक सकारात्मक वातावरण बनाने के लिए अवेयरनेस और ट्रेनिंग प्रोग्राम आयोजित किए जाएंगे। कर्मचारियों को आकस्मिक स्थिति में सही प्रतिक्रिया देने के लिए मॉकड्रिल कराई जाएगी। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि हर कर्मचारी को सुरक्षा प्रोटोकॉल की पूरी जानकारी हो। अपर कलेक्टर (ADM) स्तर पर सभी कार्रवाई की निगरानी की जाएगी। हर टीएल बैठक में समीक्षा होगी कि किन-किन उद्योगों ने सुरक्षा ऑडिट करवाया और मानकों का पालन सुनिश्चित किया है।

            

          

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।