विवादित वीडियो वायरल, युवती के आरोपों के बाद ट्रैफिक हेड कांस्टेबल रणजीत सिंह लाइन अटैच, विभागीय जांच शुरू
इंदौर, 18 सितम्बर : मध्यप्रदेश के इंदौर कि यातायात पुलिस महकमे में तैनात और सोशल मीडिया पर “डांसिंग कॉप” के नाम से चर्चित ट्रैफिक हेड कांस्टेबल रणजीत सिंह पर विवादित वीडियो के चलते कार्रवाई की गई है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) राजेश दंडोतिया के अनुसार उन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है और विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
एडीसीपी के अनुसार एक युवती ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर रणजीत सिंह पर इंदौर बुलाने और होटल में ठहराने की पेशकश करने का आरोप लगाया है। वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया। इसके बाद रणजीत सिंह ने एक स्पष्टीकरण वीडियो जारी कर आरोपों को मजाक बताते हुए सफाई दी, लेकिन विभाग ने इसे गंभीरता से लिया है। उन्होंने बताया कि विभागीय जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
गौरतलब है कि रणजीत सिंह अपने अनोखे डांसिंग स्टाइल के जरिए ट्रैफिक कंट्रोल करने की वजह से पहले सुर्खियों में रह चुके हैं। अनेक टेलीविजन शो में वे आमंत्रित किये जाते रहें है। सोशल मीडिया पर उनके लाखों प्रशंसक हैं।
