विधायक की बस से एक परिवार मौत के आगोश में पहुंचा

इंदौर। देश का सबसे स्वच्छ शहर कहलाने वाला इंदौर सड़क हादसों से लगातार दहल रहा है। तीन दिन पहले हुए भीषण ट्रक हादसे के बाद बुधवार रात सांवेर थाना क्षेत्र में एक और दर्दनाक घटना सामने आई। बारोलिया टोल नाके के पास रिंगरोदिया में तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार परिवार को कुचल दिया। हादसे में पति-पत्नी और दो बेटों सहित पूरे परिवार की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, बस क्रमांक एमपी 09 एफए 6390 ने बाइक क्रमांक एमपी 09 वीएफ 3495 को टक्कर मारी। हादसे में मोटरसाइकिल चालक महेंद्र सोलंकी, पत्नी जयेश सोलंकी और 15 वर्षीय बेटा जिगर सोलंकी की मौके पर मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल दूसरे बेटे तेजस (15) ने गुरुवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय बस चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था और मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। यात्रियों ने उसे कई बार टोका, लेकिन उसने अनसुना कर दिया। नतीजतन, उसकी लापरवाही ने पूरा परिवार मौत के हवाले कर दिया।

सांवेर थाना प्रभारी गिरिजाशंकर महोबिया ने बताया कि मामले में अज्ञात बस चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। चालक घटना के बाद फरार हो गया। बस पर बाणेश्वरी ट्रेवल्स लिखा हुआ है। पुलिस का कहना है कि बस के पंजीकृत नंबर को ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है।

गौरतलब है कि बाणेश्वरी ट्रेवल्स के नाम से बसें इंदौर की विधानसभा क्रमांक 3 से भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के परिवार से जुड़ी बताई जाती हैं। प्रारंभिक जांच में हादसे वाली बस को भी उसी कंपनी की बताया जा रहा है।

इस हादसे के बाद इलाके में गुस्सा और आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लापरवाह ड्राइवरों और परिवहन व्यवस्था की खामियों पर सख्त कार्रवाई न होने से आए दिन ऐसे हादसे हो रहे हैं।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।