इंदौर, 23 मार्च 2026 (एजेंसी):
जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने दूध एवं दुग्ध उत्पादों की जांच का विशेष अभियान शुरू किया है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर सोमवार को विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण कर कुल 18 नमूने लिए गए।
अधिकारियों ने बताया कि संविद नगर कनाडिया रोड स्थित जोशी दूध दही भंडार से 4, ओसवाल डेरी से 3 तथा स्वामी विवेकानंद नगर स्थित गणेश दूध दही भंडार से 3 नमूने एकत्र किए गए। वहीं वैभव नगर की पूजा डेरी से दूध व मावा के 2 नमूने, गुलजार कॉलोनी चौराहे की सोनू राजा डेरी से मिश्रित दूध का 1 नमूना लिया गया।
इसके अलावा आनंद बाजार स्थित गीता डेरी (प्रोपराइटर भरत पाटीदार) से दूध, पनीर व दही के 3 नमूने तथा साकेत चौराहा स्थित महावीर डेरी से गाय के दूध का 1 नमूना जांच के लिए लिया गया। साकेत स्क्वेयर स्थित सुपर मिल्क प्रोडक्ट से चोको हेजलनट मिल्क का 1 नमूना भी संकलित किया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान संचालकों को स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
