इंदौर मे कार मे शार्ट शर्किट से लगी आग मे पूरा घर जलकर हुआ खाक,
इंदौर, 18 मार्च (न्यूजओ2)
मध्यप्रदेश के इंदौर शहर से बुधवार तड़के एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां इलेक्ट्रिक कार की चार्जिंग के दौरान हुए शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते एक मकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे पूरे घर में तबाही मच गई। हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की खबर है, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना शहर के बंगाली चौराहे के पास स्थित ब्रजेश्वरी एनेक्स कॉलोनी में तड़के करीब 4 बजे हुई। घर के बाहर खड़ी इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग पर लगी थी, तभी अचानक शॉर्ट सर्किट होने से कार में आग भड़क उठी। आग तेजी से फैलते हुए पूरे मकान में पहुंच गई।
स्थिति उस समय और विकराल हो गई, जब घर के अंदर रखा गैस सिलेंडर भी धमाके के साथ फट गया। इसके अलावा एसी और फ्रिज के कंप्रेशर में भी विस्फोट होने से आग ने और भयावह रूप ले लिया। धमाके की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा।
बताया जा रहा है कि घर में किसी पारिवारिक कार्यक्रम के चलते कई रिश्तेदार भी मौजूद थे, जिससे जनहानि का आंकड़ा बढ़ गया। आग लगने के दौरान अधिकांश लोग सो रहे थे और उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।
फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को ही आग लगने का कारण माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच जारी है।
पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में कई लोगों की जान गई है और घायलों का उपचार जारी है।
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर शिवम वर्मा, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, मंत्री तुलसी सिलावट और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि फायर ब्रिगेड का रिस्पॉन्स टाइम बेहतर रहा, लेकिन घर में लगे इलेक्ट्रिक लॉक के कारण राहत कार्य में शुरुआती दिक्कतें आईं। इलेक्ट्रिक लॉक सिस्टम के चलते सभी दरवाजे स्वतः बंद हो गए थे, जिससे कई लोग समय पर बाहर नहीं निकल सके।
इस हादसे में मनोज पुगलिया के परिवार के कुछ सदस्य किसी तरह घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
गौरतलब है कि इससे पहले भी इंदौर में इलेक्ट्रिक लॉक और आगजनी के कारण दम घुटने से एक उद्योगपति की मौत का मामला सामने आ चुका है, जिससे इस तरह की घटनाओं को लेकर सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
