वृक्ष बचाओ… इंदौर बचाओ : 300 साल पुराने पीपल वृक्ष के अंगभंग के विरोध में प्रार्थना सभा
इंदौर, 5 अक्टूबर 2025। इंदौर की हरित और सांस्कृतिक धरोहर की रक्षा की पुकार के साथ लालबाग स्थित गुरुनानक कॉलोनी के बारामस्था बगीची परिसर में रविवार को नागरिकों ने 300 वर्ष पुराने ऐतिहासिक पीपल वृक्ष के अंगभंग के विरोध में प्रार्थना सभा और दीपदान कार्यक्रम आयोजित किया।
“वृक्ष बचाओ… इंदौर बचाओ” अभियान के तहत हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। उन्होंने कहा कि यह वृक्ष केवल एक पेड़ नहीं, बल्कि इंदौर की सांस्कृतिक धरोहर और होलकरकालीन विरासत का प्रतीक था।
कार्यक्रम में पर्यावरण प्रहरी मुकेश रजत वर्मा और चंद्रशेखर गवली ने वृक्ष को “गुरु स्वरूप” मानते हुए सिर का मुंडन कराया। वहीं उपस्थित नागरिकों ने दीपदान कर वृक्ष के पुनर्जीवन की प्रार्थना की और सामूहिक रूप से पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
इस दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि परिसर में तीन अन्य वृक्ष हाल ही में अवैध निर्माण के लिए काट दिए गए हैं। इस पर नागरिकों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए नगर प्रशासन से दोषियों पर कठोर कार्रवाई और हरित धरोहर की सुरक्षा हेतु ठोस नीति की मांग की।

सबसे तेज अच्छी सही सटीक उम्दा खबर