इंदौर में खाद्य मिलावट पर कार्रवाई तेज, सयाजी होटल समेत कई प्रतिष्ठानों के नमूने जांच में फेलघी के 21 नमूने असुरक्षित
इंदौर, 2 सितंबर। खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट की जांच के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत इंदौर में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने लिए हैं। जांच रिपोर्ट में सयाजी होटल से लिए गए आठ नमूनों में दो असुरक्षित, तीन अवमानक और तीन मानक स्तर के पाए गए हैं। वहीं, डुग्गू इंटरप्राइजेज और कृष इंटरप्राइजेज से लिए गए घी के सभी संबंधित नमूने असुरक्षित पाए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अनुसार, सयाजी होटल से लिए गए नमूनों में पनीर, सान्या मीडियम फैट पनीर और खोपरा बूरा के नमूने अवमानक पाए गए। पिस्ता कतरन और मूंगफली दाना के नमूने असुरक्षित मिले। रोस्टेड चना दाल, बारीक सौंफ और अजवाइन कुकीज के नमूने मानक स्तर के पाए गए।
तलावली चंदा स्थित डुग्गू इंटरप्राइजेज से लिए गए घी के नमूनों में श्रीमूल घी के पांच, गौसन्त घी के दो, गूमर घी का एक और श्री शुद्ध घी का एक नमूना असुरक्षित पाया गया। इसी प्रकार लसूडिया मोरी स्थित कृष इंटरप्राइजेज से लिए गए वास्तु घी के सातों नमूने असुरक्षित मिले।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अधिकारियों के मुताबिक, जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा उसके अधीन बनाए गए नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
दूध, पनीर और घी के नमूनों की भी जांच
विजयनगर स्थित शिव शक्ति मिल्क एंड स्वीट्स सेंटर से लिए गए दूध और दही के नमूने मानक स्तर के पाए गए, जबकि पनीर और घी के नमूने अवमानक मिले। स्कीम नंबर 78 स्थित श्री कृष्णा दूध दही भंडार से लिए गए दूध का नमूना अवमानक पाया गया, जबकि मावा, घी और पनीर के नमूने मानक स्तर के रहे।
रंगवासा, राऊ स्थित पाटीदार दूध डेयरी से लिया गया पनीर का नमूना अवमानक पाया गया। सुदामा नगर स्थित मां अम्बे दूध दही एवं किराना से लिए गए दूध और दही के नमूने भी अवमानक पाए गए।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर रेस्टोरेंट और बार में कार्रवाई
सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत के आधार पर यारी अड्डा बार का निरीक्षण किया गया। यहां से सोयाबीन तेल, पनीर, आटा और तैयार ग्रेवी के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं, जिन्हें राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान किचन में साफ-सफाई संतोषजनक नहीं पाए जाने और खाद्य हैंडलर्स के मेडिकल सर्टिफिकेट उपलब्ध नहीं होने पर प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया जा रहा है। शिकायतकर्ता को कार्रवाई की जानकारी दी गई, जिस पर उसने संतुष्टि व्यक्त की।
इसी तरह बॉम्बे अस्पताल चौराहा, स्कीम नंबर 94 स्थित जैन रेस्टोरेंट का शिकायत के आधार पर निरीक्षण किया गया। यहां से तैयार कचौरी, समोसा, कचौरी मसाला, समोसा मसाला और तैयार पोहा के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं।
पांच डेयरियों में दूध की रैपिड जांच
खाद्य पदार्थों की मौके पर प्राथमिक जांच और उपभोक्ताओं में खाद्य सुरक्षा के प्रति विश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “Triple T – Trust Through Testing” अभियान के तहत तिलक पथ क्षेत्र की पांच डेयरियों में दूध की रैपिड जांच की गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने श्री माया डेयरी, अवंतिका दूध डेयरी, लक्ष्मी दूध डेयरी, अंबिका डेयरी फार्म और विनायक डेयरी में Milk Rapid Test Kit के माध्यम से दूध की प्राथमिक जांच की। इस दौरान खाद्य कारोबारकर्ताओं को दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
विद्यार्थियों को खाद्य मिलावट के प्रति किया जागरूक
खाद्य सुरक्षा प्रशासन की चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला MP02AV7408 के माध्यम से बुधवार को सांदीपनि गवर्नमेंट मल्टी मल्हार आश्रम हायर सेकेंडरी स्कूल, इंदौर में खाद्य सुरक्षा और मिलावट के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
