कलेक्टर शिवम वर्मा ने किया स्थल निरीक्षण, गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश
इंदौर, 19 जनवरी 2026: इंदौर शहर में निर्माणाधीन चार प्रमुख फ्लाईओवरों का निर्माण आगामी जून माह तक पूर्ण किया जाएगा। यह निर्देश कलेक्टर शिवम वर्मा ने आज अधिकारियों के साथ मौके पर पहुँचकर निरीक्षण के दौरान दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि समय-सीमा के साथ-साथ गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, एसडीएम प्रदीप सोनी, अपर आयुक्त नगर निगम अभय राजनगांवकर सहित ट्रैफिक पुलिस, नगर निगम, प्रशासन, निर्माण एजेंसी एमपीआरडीसी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने देवास नाका, सत्य साईं चौराहा, मूसाखेड़ी और क्रिस्टल आईटीआई पार्क चौराहा पर निर्माणाधीन फ्लाईओवरों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ये सभी फ्लाईओवर शहर की यातायात व्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और इनके पूर्ण होने से नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
बैठक में निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं, छोटे-छोटे रिमूवल, अतिक्रमण हटाने, वैकल्पिक व्यवस्थाओं और समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने की रणनीति पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के दौरान नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो, इसके लिए विशेष प्रबंध किए जाएं। यातायात सुचारु रखने के लिए गार्ड तैनात किए जाएं, धूल नियंत्रण हेतु नेटिंग और अन्य सुरक्षा उपाय अपनाए जाएं। साथ ही सर्विस लेन पर पैच रिपेयरिंग और डामरीकरण कर ट्रैफिक को बेहतर बनाया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि भले ही कुछ कार्य वर्तमान में समय-सीमा से पीछे हों, लेकिन प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ इन्हें तेजी से पूरा करने में जुटा है। आने वाले दिनों में नियमित समीक्षा कर प्रगति की निगरानी की जाएगी। उन्होंने बताया कि चारों फ्लाईओवरों में मुख्य बाधाएं छोटी-छोटी रिमूवल और वैकल्पिक स्थान व्यवस्था से जुड़ी हैं, जिन पर निर्णय ले लिए गए हैं। जैसे ही ये बाधाएं हटेंगी, कार्यों में गति आएगी।
मूसाखेड़ी चौराहा पार करने के लिए पैदल यात्रियों की सुरक्षित व्यवस्था करने और निर्माणाधीन फ्लाईओवर की सर्विस रोड पर पर्याप्त लाइटिंग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने दोहराया कि प्रशासन का लक्ष्य जून माह तक चारों फ्लाईओवरों का निर्माण पूर्ण करना है, ताकि नागरिकों को बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा मिल सके।
