मुख्य आरोपी सहित दो की तलाश जारी

इंदौर, 25 सितंबर 2025: लसूड़िया थाना पुलिस ने महालक्ष्मी नगर क्षेत्र में प्रॉपर्टी व्यवसायी पर गोली चलाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। शेष दो की तलाश जारी है।

पुलिस द्वारा प्राप्त विज्ञप्ति के अनुसार घटना 24 सितंबर शाम करीब 6.30 बजे हुई, जब फरियादी मनोज नागर अपने ऑफिस से घर लौट रहे थे। उनकी फार्च्यूनर कार के सामने तेज रफ्तार से एक सफेद कार आई और टक्कर मारी। कार में बैठे अन्य लोगों ने मनोज की आंखों में लाल मिर्च डाल दी, इसके बाद हेलमेट पहने युवक ने उन पर तीन गोलियां चलाई। घायल मनोज को बाम्बे हॉस्पिटल पहुंचाया गया।

दावा है पुलिस ने 18 घंटे के भीतर सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों का पर्दाफाश किया। गिरफ्तार आरोपी अमन उर्फ पुष्पेन्द्र (19) ने पूछताछ में बताया कि मुख्य आरोपी विनय उर्फ सोनू राठौर और उसके साथी युवराज ने ही घटना को अंजाम दिया। घटना की वजह प्रॉपर्टी व्यवसाय और लेन-देन में विवाद बताया गया।

प्रकरण में मुख्य आरोपी विनय उर्फ सोनू और उसके साथी युवराज फरार हैं। पुलिस उनकी जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम के साथ लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस उपायुक्त ने फरार आरोपियों की जानकारी देने पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।