इंदौर, 25 सितंबर 2025: इंदौर पुलिस ने 25 सितंबर को शहर में विभिन्न अपराधों और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में सक्रियता दिखाई। मादक पदार्थ तस्करी, सोशल मीडिया अपराध, वाहन चोरी और यातायात उल्लंघन सहित अन्य घटनाओं में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया और जप्तियां की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में ये कार्यवाहियां शहर की सुरक्षा और नियम पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई हैं।

ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

रेलवे कॉलोनी के पास एम आर 04 रोड पर क्राइम ब्रांच की टीम ने कीर्ति ओसवाल और महेंद्र उर्फ शिवा को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 12.90 ग्राम ब्राउन शुगर जप्त की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 1,30,000 रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि उन्होंने सस्ते दामों पर मादक पदार्थ खरीदी और महंगे दामों पर नशे के आदी लोगों को बेचने की योजना बनाई थी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 168/2025, धारा 8/21 NDPS एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू की।

नो-एंट्री उल्लंघन पर यातायात पुलिस की कार्रवाई

इंदौर यातायात पुलिस ने शहर के विभिन्न पॉइंट्स पर नो-एंट्री नियम तोड़ने वाले 14 भारी वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की। रेडिसन चौराहा के पीछे एक गिट्टी से लदा हाईवा सर्विस रोड से भागते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने ट्रांसपोर्ट संगठन और चालकों से अपील की है कि वे नो-एंट्री नियमों का पालन करें और गूगल मैप पर ही निर्भर न रहें।

गुम बच्चों का सकुशल बचाव

नवरात्रि पर्व के दौरान गरबा पंडालों में दो मासूम बालिकाएं परिजनों से बिछड़ गई थीं। थाना राजेंद्र नगर और परदेशीपुरा की “शक्ति मोबाइल” टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों बालिकाओं को ढूंढकर उनके परिजनों के सुपर्द किया। पुलिस की तत्परता से बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई।

नशे में ट्रक चालक पकड़ा गया

25 सितंबर को दोपहर में एक ट्रक चालक शराब के नशे में शहर में नो-एंट्री क्षेत्र में प्रवेश कर गया। आरक्षक विजय जटवाल ने तुरंत पीछा करते हुए ट्रक को रोका और चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की। चालक राइस ब्रान लेकर भरूच गुजरात जा रहा था और रास्ता भटक जाने के कारण शहर में प्रवेश कर गया था।

सोशल मीडिया वायरल वीडियो प्रकरण

आकाश वर्डे और हनी उर्फ श्री राग ने इंस्टाग्राम आईडी का पासवर्ड चुराकर वीडियो वायरल किया। आरोपियों ने वीडियो वायरल करने का उद्देश्य फॉलोअर बढ़ाना और आर्थिक लाभ कमाना बताया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। अपराध क्रमांक 157/2025, धारा 223 BNS, 43 और 66 IT एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।

वाहन चोरी के आरोपी गिरफ्तार

अयोध्यापुरी कॉलोनी में कुलदीप मेर और उसके नाबालिक साथी ने दो R15 मोटरसाइकिलें चोरी की थीं। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए चोरी की गई दो मोटरसाइकिलें और खटकेदार चाकू जप्त किए। आरोपियों ने कबूल किया कि वे ऑर्डर मिलने पर वाहन चोरी कर उन्हें अलग-अलग जिलों में बेचते थे।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।