कलेक्टर ने वर्षाकाल के लिए यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने अधिकारियों की ली बैठक
इंदौर, 27 जून 2025
मानसून सत्र में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए कलेक्टर आशीष सिंह ने आज विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण, नगर निगम, यातायात पुलिस सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि वर्षाकाल में जल-जमाव और ट्रैफिक जाम से बचाव के लिए त्वरित जल निकासी और ड्रेनेज व्यवस्था को सक्रिय रखा जाए। एबी रोड बायपास पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के कारण यातायात में आ रही दिक्कतों को देखते हुए डायवर्जन और सर्विस रोड में सुधार कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।
भारी वाहनों से बायपास पर लोड कम करने के लिए वैकल्पिक मार्गों के उपयोग की सलाह दी गई है। इनमें देवास की ओर जाने वाले वाहन मानपुर, घाटा बिल्लोद, लेबड़, बदनावर, बड़नगर, उज्जैन होकर देवास मार्ग का उपयोग कर सकते हैं। भोपाल जाने के लिए पुराने नेमावर रोड पर देवगुराड़िया, डबल चौकी, चापड़ा रोड का रास्ता सुझाया गया है। वहीं, शिप्रा की ओर जाने के लिए डकाच्या और जयपुरिया मार्ग के उपयोग की सलाह दी गई है।
यातायात नियंत्रण के लिए यातायात पुलिस, नगर निगम और होमगार्ड के संयुक्त त्वरित दल (क्यूआरटी) तैनात किए जाएंगे। साथ ही, ट्रैफिक सिग्नलों की सतत मॉनिटरिंग और शहर की मुख्य एवं अंदरूनी सड़कों पर जल-जमाव रोकने के लिए पुख़्ता इंतज़ाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
वर्षाकाल के दौरान चालानी कार्रवाई न करने का भी निर्णय लिया गया है, ताकि यातायात व्यवस्था में बाधा न आए और नागरिकों को अनावश्यक परेशानी न हो।
