इंदौर, 14 जून 2025। शहर के सबसे बड़े मॉल फीनिक्स सिटाडेल की दुकानों से नकदी कलेक्शन कर बैंक ले जाते समय 8 लाख रुपये से भरे बैग की लूट करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। गिरफ्तार आरोपी फीनिक्स मॉल में ही काम करने वाले कर्मचारी और उनके साथी हैं।

पुलिस के अनुसार फरियादी अचपल ओड, जो रेडियंट कैश मैनेजमेंट कंपनी में केश कलेक्शन का काम करता है, 10 जून को 8.11 लाख रुपये कलेक्ट कर बैंक ऑफ इंडिया में जमा करने जा रहा था। कनाडिया बायपास पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसकी पीठ से बैग झपट लिया और फरार हो गए।

इंदौर पुलिस ने प्रेस वार्ता में बताया गिरफ्तार आरोपियों में हेजेंडा आइसक्रीम पार्लर का कर्मचारी राज पंवार, कोको कार्ट की कर्मचारी गुनगुन सिरोहिया, रैपिडो चालक ज्ञानेन्दु शर्मा, पियुष बिल्लोरे और विकास उर्फ दऊ शामिल हैं। इनमें गुनगुन ने पूरी योजना बनाई और अंदर की जानकारी लीक की। आरोपियों ने पहले से रैकी कर पूरी रणनीति तैयार की थी। लूट के बाद रकम से शॉपिंग, जुआ और एफडी की गई। पुलिस ने 4.20 लाख रुपये, एक आईफोन व वाहन जब्त किए हैं।

पुलिस ने लूट में शामिल दो फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित दैनिक पीपुल्स समाचार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।