16 फीडर प्रभावित होंगे, 60 कार्मिकों की ड्यूटी
इंदौर। शहर की पारंपरिक रंगपंचमी (8 मार्च) पर निकलने वाली ऐतिहासिक गेर को देखते हुए मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने विशेष तैयारी शुरू कर दी है। शहर वृत्त की टीम द्वारा सुरक्षा और निर्बाध व्यवस्थाओं के लिए विस्तृत योजना बनाई गई है।
शहर अधीक्षण यंत्री डी.के. गाठे ने बताया कि कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में गेर मार्ग की बिजली व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है। बिजली कंपनी की टीम ने जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस अधिकारियों के साथ टोरी कॉर्नर, मल्हारगंज से लेकर राजबाड़ा और कृष्णपुरा तक गेर मार्ग का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान गेर मार्ग पर गुजरने वाली बिजली लाइनों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। केबल और तारों को पर्याप्त ऊंचाई पर व्यवस्थित किया गया है, वहीं कुछ स्थानों पर ट्रांसफार्मरों के पुराने और क्षतिग्रस्त बॉक्स बदल दिए गए हैं।
अधीक्षण यंत्री गाठे ने बताया कि सुभाष चौक जोन में बिजली कंपनी का अस्थायी कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न ग्रिड और ट्रांसफार्मरों के पास बिजली कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
गेर के दौरान फायर फाइटर के माध्यम से 100 से 150 फीट की ऊंचाई तक रंग उड़ाया जाएगा, जिसे देखते हुए सुरक्षा कारणों से 11 केवी लाइन के कुल 16 फीडरों से अलग-अलग समय पर बिजली आपूर्ति बंद रखी जाएगी।
उन्होंने बताया कि गेर मार्ग की बिजली व्यवस्थाओं के लिए शहर वृत्त के उच्चदाब और निम्नदाब नेटवर्क से जुड़े 14 इंजीनियरों सहित कुल 60 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होंगे तीन लाइनमेन
इंदौर। राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस के अवसर पर 7 मार्च को इंडिया हैबिटेट सेंटर, नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर का लाइनमेन सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
इस समारोह में मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के तीन लाइनमेन सम्मानित किए जाएंगे। इनमें अय्यूब खान (पीथमपुर, इंदौर ग्रामीण वृत्त), भीमनारायण सिंह (पंधाना, जिला खंडवा) और राजेंद्र राठौर (संधारा, गरोठ, जिला मंदसौर) शामिल हैं।
इन बिजली कर्मियों को कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह और मुख्य महाप्रबंधक प्रकाश सिंह चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं ।
