बिगड़े यातायात, नशाखोरी, भ्रष्टाचार और अपराध को लेकर सरकार पर तीखा हमला, कलेक्टोरेट का घेराव
इंदौर, 8 दिसंबर 2025 । शहर युवक कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट रोड पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए कलेक्टोरेट का घेराव करने की कोशिश की। हालात तनावपूर्ण होने पर पुलिस-प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन का प्रयोग किया।
शहर युवक कांग्रेस के अध्यक्ष अमित पटेल ने कहा कि शहर की बदहाल स्थिति के लिए सीधे तौर पर राज्य सरकार और मुख्यमंत्री जिम्मेदार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इंदौर में बिगड़ा हुआ यातायात, भ्रष्टाचार, बढ़ते अपराध और शहर के बिगड़ते हालात सरकार की नाकामी को दर्शाते हैं। पटेल ने कहा कि पुलिस-प्रशासन को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है, इसी कारण आम जनता की समस्याओं पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।
अमित पटेल ने यह भी कहा कि शहर में खराब सड़कों की स्थिति, नशे का बढ़ता अवैध कारोबार, महिलाओं की सुरक्षा में लापरवाही और मेट्रो प्रोजेक्ट की अव्यवस्थित प्लानिंग ने इंदौरवासियों की परेशानी बढ़ा दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह उनका अध्यक्ष बनने के बाद पहला प्रदर्शन है और आगे भी शहरहित में लगातार आंदोलन और विरोध जारी रहेगा।
इस प्रदर्शन में एनएसयूआई, शहर युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता, इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, राजू भदौरिया, पूर्व शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष सोनिला मिमरोट सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पदाधिकारी शामिल रहे। पुलिस बल की भारी मौजूदगी के बीच प्रदर्शन को नियंत्रित किया गया।
