ओंकारेश्वर से जल लेकर लौट रहे थे सभी कांवड़िए, इंदौर के रहने वाले
इंदौर, 31 जुलाई 2025
सावन के महीने में शिवभक्तों की आस्था पर उस समय चोट पहुंची, जब सिमरोल थाना क्षेत्र में एक बेकाबू आयशर वाहन ने सात कांवड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में एक कांवड़िए आदर्श की मौत हो गई, जबकि ध्रुव नामक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। अन्य पांच घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद खतरे से बाहर बताया गया है।
यह दुर्घटना चोरल और ग्वालू के बीच उस वक्त हुई, जब सभी कांवड़िए ओंकारेश्वर से जल लेकर उज्जैन की ओर पैदल यात्रा कर रहे थे। सभी कांवड़िए इंदौर के एरोड्रम क्षेत्र स्थित राज नगर और नगीन नगर के निवासी हैं।
घटना की खबर मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एमवाय अस्पताल पहुंचे। घायलों के इलाज के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है।
आयशर वाहन का चालक दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश जारी है। डीएसपी उमाकांत चौधरी ने पुष्टि की है कि एक की मौत और एक की स्थिति गंभीर है, अन्य घायलों का इलाज जारी है।
