इंदौर, 28 मार्च 2026।
लीगल क्षेत्र में अपेक्षा से अधिक करियर विकल्प उपलब्ध हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में कई लॉ स्टूडेंट्स इस क्षेत्र को छोड़ देते हैं। यदि प्रारंभ से ही उन्हें विभिन्न अवसरों की जानकारी मिल जाए, तो वे सही निर्णय लेकर सफल करियर बना सकते हैं। यह बात एडवोकेट एवं लॉ एक्सपर्ट डॉ. पंकज वाधवानी ने लीगल कैरियर सेमिनार में मुख्य वक्ता के रूप में कही।
यंग एडवोकेट्स और लॉ स्टूडेंट्स के लिए संस्था ‘न्यायालय’ द्वारा जिला न्यायालय ऑडिटोरियम में आयोजित इस सेमिनार में कई वरिष्ठ विधि विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष यादव, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एल एल यादव, लॉ फैकल्टी भावना पाटिल तथा वरिष्ठ अधिवक्ता अमर सिंह राठौड़ ने भी अपने अनुभव साझा किए।
संघर्ष और मेहनत से मिलती है सफलता
विशेष अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए एडवोकेट मनीष यादव ने कहा कि वकालत के क्षेत्र में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। यह पेशा निरंतर परिश्रम और धैर्य की मांग करता है, लेकिन मेहनत करने वालों को यह अपेक्षा से अधिक सफलता देता है।
कार्यक्रम में अधिवक्ता एल.एल. यादव एवं अमर सिंह राठौड़ ने अपने जूनियरशिप के अनुभव साझा करते हुए छात्रों को व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया।
बड़ी संख्या में युवा रहे उपस्थित
कार्यक्रम का संचालन संस्था ‘न्यायालय’ इंदौर के अध्यक्ष राहुल सिंह यादव एवं अदनान मुल्तानी ने किया। स्वागत भाषण डॉ. कश्मीरा पुरोहित, भूमि नागदेव, गजेश बेतव और हर्षित महावर ने दिया।
इस अवसर पर समाजसेवी प्रकाश राजदेव, एडवोकेट पियूष गोयल सहित बड़ी संख्या में युवा अधिवक्ता और लॉ विद्यार्थी उपस्थित रहे।
