रेल मंत्रालय का बड़ा निर्णय: 11701/11702 रायपुर–जबलपुर एक्सप्रेस का नाम बदला, अब कहलाएगी ‘मूकमाटी एक्सप्रेस’
जैन समाज में खुशी की लहर, संत विद्यासागर जी महाराज की तपोस्थली से समाधि स्थल तक चलेगी ट्रेन
इंदौर, 07 जनवरी 2025: भारतीय रेल मंत्रालय (रेलवे बोर्ड) ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए ट्रेन नंबर 11701/11702 रायपुर–जबलपुर एक्सप्रेस (वाया डोंगरगढ़) का नाम बदलकर “मूकमाटी एक्सप्रेस” रखने के निर्देश जारी किए हैं। रेलवे बोर्ड द्वारा 07 जनवरी 2026 को जारी आदेश में संबंधित ज़ोन—SECR बिलासपुर और WCR जबलपुर—को तत्काल अनुपालन एवं व्यापक प्रचार के निर्देश दिए गए हैं। आदेश को अत्यंत तात्कालिक बताया गया है।
रेल मंत्रालय के इस फैसले से दिगंबर जैन समाज में हर्ष और उत्साह का माहौल है। यह ट्रेन संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज की तपोस्थली से लेकर उनके समाधि स्थल तक चलती है, जिससे यह नाम समाज के लिए विशेष आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व रखता है।
दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद के प्रचार प्रमुख सतीश जैन ने बताया कि ‘मूकमाटी’ आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज द्वारा रचित एक महान दार्शनिक ग्रंथ है, जिस पर देश-विदेश के कई विद्यार्थियों ने पीएचडी तक की है। इसी ऐतिहासिक और बौद्धिक विरासत के सम्मान में ट्रेन का नामकरण किया गया है।
उन्होंने बताया कि यह निर्णय संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज की परम शिष्या आर्यिका पूर्णमति माताजी की मंगल प्रेरणा एवं मार्गदर्शन से संभव हुआ। साथ ही, इस पहल में जैन समाज के गौरव, राज्यसभा सांसद श्री नवीन जैन की भूमिका भी अहम रही।
इस अवसर पर दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद के अध्यक्ष राजकुमार पाटोदी, परम संरक्षक एम.के. जैन, श्रीमती पुष्पा कासलीवाल, महामंत्री सुशील पांड्या, फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोहर झांझरी, राष्ट्रीय महामंत्री विनय जैन, पूर्व अध्यक्ष राकेश विनायका, महामंत्री विपुल बांझल, महावीर ट्रस्ट के अध्यक्ष अमित कासलीवाल एवं महामंत्री बाहुबली पांड्या ने समाजजनों को इस ऐतिहासिक निर्णय पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
