भोपाल,
मध्य प्रदेश में लॉरेंस गैंग और उससे जुड़े नामों से आ रही रंगदारी/वसूली की धमकियों के मामलों पर पुलिस मुख्यालय ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस महानिदेशक (DGP) कैलाश मकवाना के आदेश पर प्रदेश के विभिन्न जिलों में दर्ज ऐसे सभी मामलों की जांच अब स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को सौंपी गई है।
जारी आदेश के मुताबिक, अशोकनगर, इंदौर (शहर व देहात), खरगोन और भोपाल सहित कई जिलों में दर्ज प्रकरणों को एक साथ जोड़ते हुए संगठित अपराध की कड़ी मानकर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है, जो STF के पर्यवेक्षण में काम करेगा।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, इन मामलों में “हैरी बॉक्सर” समेत लॉरेंस गैंग के नाम का इस्तेमाल कर करोड़ों रुपये की वसूली की धमकियां दी जा रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सभी केस डायरी संबंधित जिलों से लेकर STF को सौंपी जाएंगी और जांच तुरंत शुरू की जाएगी।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि STF मुख्यालय भोपाल से ही पूरी विवेचना संचालित करेगी और आवश्यकता पड़ने पर अन्य अधिकारियों/कर्मचारियों को भी टीम में शामिल किया जा सकेगा। संबंधित जिलों के वर्तमान विवेचक भी जांच में सहयोग करेंगे।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि केंद्रीकृत जांच से इस संगठित गिरोह के नेटवर्क का खुलासा करने और राज्यभर में फैली रंगदारी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
