निजी अस्पताल में लाखों का खर्च, एमवाय में निशुल्क ऑपरेशन से बची युवक की जिंदगी
इंदौर, 26 सितम्बर 2025। महाराज यशवंतराव चिकित्सालय (एमवाय) के डॉक्टरों ने 25 वर्षीय युवक के शरीर से 12 मिमी मोटाई के तीन लोहे के सरिए निकालने की जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की। शाजापुर निवासी नितेश जायसवाल 20 सितम्बर को फिनिक्स मॉल के सामने काम करते समय गिरकर सरियों पर जा गिरे थे। हादसे में दो सरिए उनके पेट से और एक जांघ से आर-पार हो गया था।
एमवाय में डॉक्टरों ने तत्काल ऑपरेशन कर करीब एक लीटर खून पेट से निकाला और आंत व पेशियों में हुए छेद को सील किया। रीढ़ व कूल्हे की हड्डी में आए फ्रैक्चर का भी उपचार किया गया। युवक को पाँच दिन आईसीयू में रखा गया और अब हालत स्थिर होने पर जनरल वार्ड में शिफ्ट किया गया है।डॉक्टरों के अनुसार, 2-3 दिन में उन्हें डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।
निजी अस्पताल में लाखों का खर्च, एमवाय में निशुल्क इलाज
विशेषज्ञों ने बताया कि इतनी जटिल सर्जरी निजी अस्पताल में कराने पर 4 से 5 लाख रुपये का खर्च आता, जबकि एमवाय अस्पताल में यह इलाज पूरी तरह निशुल्क किया गया।
डॉक्टरों की टीम ने दिखाई विशेषज्ञता
इस सफल सर्जरी में जनरल सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. अरविंद कुमार शुक्ल के नेतृत्व में प्रोफेसर डॉ. सुदर्शन ओडिया, डॉ. संजय कुमार महाजन, डॉ. सतीश वर्मा, डॉ. यश अग्रवाल, डॉ. अभिनय सोनी, डॉ. अर्पित तिवारी, डॉ. ध्रुवसिंह गोहिल की टीम शामिल रही। निश्चेतना विभाग से प्रो. डॉ. रश्मि पाल और डॉ. रवि बारडे ने भी अहम भूमिका निभाई।
