इंदौर। दिगंबर जैन मंदिर, क्लर्क कॉलोनी में बुधवार को आषाढ़ शुक्ल सप्तमी के पावन अवसर पर आर्यिका रत्न श्री विदक्षा मति माताजी के सानिध्य में संघ श्री सुवंदन मति माताजी की उपस्थिति में श्री 1008 नेमिनाथ भगवान का निर्वाण लाडू चढ़ाया गया।

मीडिया प्रभारी प्रवीण जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रातः 6.30 बजे भगवान का अभिषेक एवं शांतिधारा संपन्न हुई। इसके पश्चात देव, शास्त्र और गुरु की पूजा कर श्री नेमिनाथ भगवान की विशेष पूजा की गई। कार्यक्रम में निर्वाण कांड का पाठ कर श्रद्धा के साथ निर्वाण लाडू चढ़ाया गया।

ज्ञात हो कि श्री नेमिनाथ भगवान जैन धर्म के 22वें तीर्थंकर हैं, जिनका चिन्ह शंख है। भगवान नेमिनाथ राहु ग्रह के अधिष्ठाता हैं। इनके पिता का नाम समुद्रविजय एवं माता का नाम शिवा देवी था। भगवान ने गिरनार पर्वत से मोक्ष प्राप्त किया था।

इस अवसर पर समाज के अनेक श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित हुए। प्रमुख रूप से आनंद गोधा, दिलीप बज, एस के सोगानी, शंभू पाटोदी, विमल डेडी, रमणिक पालिया, महेंद्र सिंघई तथा महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती विमला जैन, सुभद्रा गोधा, कल्पना जैन, मीना जैन, मधु जैन आदि ने सहभागिता की। पूरा वातावरण भक्तिमय एवं पुण्यमय रहा।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।