इंदौर में होगा न्यूरोलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया का 73वां राष्ट्रीय सम्मेलन
एनएसआईकॉन 2025: ‘ब्रेन और स्पाइन केयर में चुनौतियों पर विजय’ होगी इस वर्ष की थीम
75 वर्षों की यात्रा का उत्सव, इंदौर को मिली मेजबानी
इंदौर , 8 दिसंबर 2025 : न्यूरोलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया (NSI) का 73वां वार्षिक राष्ट्रीय सम्मेलन एनएसआईकॉन 2025 आगामी 10 से 14 दिसंबर 2025 तक इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर, विजय नगर में आयोजित किया जाएगा। यह सम्मेलन इसलिए भी विशेष महत्व रखता है क्योंकि इसी वर्ष एनएसआई अपनी स्थापना के 75 वर्ष पूर्ण कर रही है। इंदौर में इसके पहले 2004 में सयाजी होटल और उसके भी पहले 1989 में एमजीएम मेडिकल कॉलेज में यह आयोजन हुआ था। समय का साथ संगठन का दायरा बढ़ा और 75 वें आयोजन की इंदौर को मेजबानी मिलते हुए यह आयोजन ब्रिलिएंट कन्वेन्शन सेंटर में 10 दिसंबर से 14 दिसंबर तक होग।
इस वर्ष सम्मेलन की थीम “ब्रेन और स्पाइन केयर में चुनौतियों पर विजय” रखी गई है, जो न्यूरोलॉजी और न्यूरोसर्जरी के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, नवीन अनुसंधान और वैज्ञानिक संवाद को बढ़ावा देने की एनएसआई की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
सम्मेलन का आयोजन न्यूरोलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंदौर द्वारा किया जा रहा है, जिसमें शहर के सभी पंजीकृत न्यूरोलॉजिस्ट और न्यूरोसर्जन सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
एक निजी होटल में सोमवार 8 दिसंबर को आयोजित एक प्रेस वार्ता में ऑर्गनाइजिंग चेयरमैन डॉ. वसंत डाकवाले एवं ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी डॉ. जे. एस. कठपाल ने बताया कि एनएसआईकॉन 2025 का उद्घाटन 11 दिसंबर को दोपहर 12 बजे मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगु भाई पटेल द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर मध्यप्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
वरिष्ठ न्यूरो विशेषज्ञ डॉ अपूर्व पौराणिक ने बताया कि एनएसआईकॉन 2025 चिकित्सा ज्ञान के संवर्धन, उपचार मानकों के उन्नयन और आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
न्यूरोसर्जन डॉ राकेश गुप्ता ने बताया कि सम्मेलन में देश और विदेश से 1500 से 1800 न्यूरो एक्सपर्ट्स के शामिल होने की संभावना है। इस दौरान 700 से अधिक वैज्ञानिक प्रस्तुतियां होंगी, जिनमें शोधपत्र, केस स्टडी, ऑडियो-विजुअल प्रस्तुतियां और वैज्ञानिक वाद-विवाद शामिल रहेंगे। यह संख्या सम्मेलन की उच्च वैज्ञानिक गुणवत्ता और वैश्विक सहभागिता को दर्शाती है। इसके साथ ही न्यूरो-नर्सिंग पर केंद्रित समानांतर सम्मेलन SINNCON 2025 का भी आयोजन किया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय सहभागिता
एनएसआईकॉन 2025 में दुनिया के प्रसिद्ध न्यूरोलॉजिस्ट और न्यूरोसर्जन भाग लेंगे। इनमें:-
- डॉ. डेनियल जे. होह (अध्यक्ष, CNS – USA)
- डॉ. टॉस्टिन आर. मेलिग (अध्यक्ष, EANS – डेनमार्क)
- डॉ. पाउलो हेनरिके (अध्यक्ष, ब्राज़ीलियन सोसाइटी ऑफ न्यूरोसर्जरी)
- डॉ. लुईस बोर्बा (अध्यक्ष-निर्वाचित, WFNS)
- प्रो. डॉ. आकाश पटेल (USA)
- डॉ. रॉब्सन अमोरियम एवं डॉ. आंद्रे जिओकोमेली (ब्राज़ील)
- डॉ. गार्नी बारबुडारियन (USA)
- डॉ. राम हिरेशलुना
- विशिष्ट व्याख्यानों में जैकब चांडी ऑरेशन: डॉ. केनान अरनौतविक, USA) और डॉ. राम गिंडे ऑरेशन :डॉ. लुईस बोर्बा, ब्राज़ील विशेष आकर्षण रहेंगे।
भारत के शीर्ष विशेषज्ञ भी होंगे शामिल
सम्मेलन में देश के अग्रणी विशेषज्ञों की भी सहभागिता रहेगी, जिनमें
डॉ. मनस पाणिग्रही (अध्यक्ष, NSI),
डॉ. के. श्रीधर (अध्यक्ष-निर्वाचित),
डॉ. अतुल गोयल, डॉ. बी. के. मिश्रा,
वरिष्ठ न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. लक्ष्मी नरसिम्हन, डॉ. निर्बल सूर्या, डॉ. मेहंदिरत्ता, डॉ. मोहित भट्ट, डॉ. एस. एम. कात्रक, और डॉ. यू. के. मिश्रा शामिल हैं।
कार्यशालाएं, CME और जन-जागरूकता
एमजीएम मेडिकल कॉलेज से न्यूरोलॉजिस्ट डॉ अर्चना वर्मा और डॉ परेश सोंधिया ने बताया कि सम्मेलन की शुरुआत विशेष हैंड्स-ऑन कार्यशालाओं से होगी, जिनमें जटिल मस्तिष्क संरचना, माइक्रोसर्जिकल और एंडोस्कोपिक तकनीक, एंडोवास्कुलर प्रक्रियाएं, बोटॉक्स इंटरवेंशन तथा संज्ञानात्मक पुनर्वास जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
- 11 दिसंबर को पूर्ण-दिवसीय CME सत्र आयोजित होगा। विशेषज्ञ नवीनतम उपचार पद्धतियों पर चर्चा करेंगे।
- 12 से 14 दिसंबर तक वैज्ञानिक सत्र, पैनल चर्चाएं, वाद-विवाद और शोध प्रस्तुतियां होंगी।
- 13 दिसंबर को पूर्व थलसेनाध्यक्ष जनरल वी. पी. मलिक (PVSM, AVSM) का विशेष संबोधन प्रस्तावित है।
- 14 दिसंबर को एनएसआई द्वारा सड़क सुरक्षा जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें हेलमेट उपयोग और सुरक्षित ड्राइविंग का संदेश दिया जाएगा।
एनएसआईकॉन 2025 न केवल चिकित्सा जगत के लिए, बल्कि जनहित और चिकित्सकीय शिक्षा के क्षेत्र में भी इंदौर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने वाला एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।
