सीएम डॉ मोहन यादव भी होंगे शामिल

इंदौर, 14 सितंबर 2025।
स्टूडेंट्स फॉर वन नेशन वन इलेक्शन फोरम के तत्वावधान में सोमवार को लता मंगेशकर सभागार, इंदौर में प्रदेश स्तरीय छात्र सम्मेलन आयोजित होगा। सम्मेलन का उद्देश्य “वन नेशन, वन इलेक्शन” विषय पर छात्रों के बीच विचार-विमर्श करना है।

फोरम के प्रदेश कन्वीनर रोइन राय ने बताया कि यह आयोजन मध्यप्रदेश में फोरम का पहला बड़ा कार्यक्रम है। इसका शुभारंभ 15 सितंबर को प्रातः 11 बजे होगा और दो सत्रों में संपन्न होगा। पहले सत्र में अतिथि नेताओं का उद्बोधन होगा, जबकि दूसरे सत्र में छात्र अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह, संगठन के प्रदेश महामंत्री हितानंद शर्मा, कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसीराम सिलावट और सांसद शंकर ललवानी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे।

वन नेशन वन इलेक्शन की प्रदेश कमेटी के सह-संयोजक और इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि यह पहल केवल आर्थिक बचत का विषय नहीं, बल्कि संसाधनों और समय की बचत का भी उपाय है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 से 2024 के बीच विभिन्न चुनावों पर 6 से 8 लाख करोड़ रुपये खर्च हुए। यदि सभी चुनाव एक साथ होते तो लगभग डेढ़ लाख करोड़ रुपये की बचत संभव थी।

महापौर ने कहा कि देश में बड़े परिवर्तन हमेशा युवाओं और विद्यार्थियों के नेतृत्व में हुए हैं, इसलिए इस मुद्दे पर छात्रों को जोड़ना महत्वपूर्ण है।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।