कांग्रेस ने मुस्लिम कर्मचारियों को हटाने के मामले में प्रशासन की निष्क्रियता पर जताया विरोध, उग्र आंदोलन की चेतावनी दी
इंदौर, 26 सितम्बर 2025 : भाजपा विधायक मालिनी गौड़ के पुत्र एकलव्य गौड़ द्वारा सीतलामाता बाजार से मुस्लिम कर्मचारियों को हटाने के मामले में कांग्रेस ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार शाम संभागायुक्त सुदामा खाड़े से मिला।
प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि एकलव्य गौड़ धर्म के आधार पर गरीब तबके के लोगों की रोज़ी-रोटी छीन रहे हैं और इस कारण शहर का सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने का खतरा है। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन और पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब तक न तो विधायक पुत्र और न ही उनके समर्थकों पर कोई कार्रवाई हुई है।
पटवारी और वर्मा ने संभागायुक्त से मांग की कि एकलव्य गौड़ पर तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो कांग्रेस कड़ा प्रतिरोध और उग्र आंदोलन करेगी।
प्रतिनिधिमंडल में शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, प्रदेश प्रवक्ता व मीडिया प्रभारी संतोष सिंह गौतम सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारी और पार्षद मौजूद रहे।
