विजयवर्गीय का यूटर्न, पटवारी ने कहा- संकीर्ण मानसिकता
इंदौर/भोपाल, 26 सितंबर 2025: मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी ने राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है। आज इंदौर के राजबाड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विजयवर्गीय का पुतला जलाया, जबकि राजधानी भोपाल में उनके बंगले का घेराव किया गया। इस दौरान पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया। कार्यकर्ताओं ने मंत्री के पोस्टर पर गंगाजल छिड़ककर ‘शुद्धिकरण’ की कार्रवाई की।
विरोध के बीच विजयवर्गीय ने यू-टर्न लिया और कहा कि उनका बयान तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया। उन्होंने सफाई देते हुए कहा, “मैं अपनी बहन का सिर चूमता हूं और रिश्ते की पवित्रता पर सवाल नहीं उठा रहा। मैंने भारतीय और विदेशी संस्कृतियों की बात की थी।”
गुरुवार को शाजापुर में मंत्री ने कहा था, “आज के हमारे प्रतिपक्ष के नेता अपनी जवान बहन को बीच चौराहे पर चुंबन करते हैं, यह संस्कारों का अभाव है। यह विदेशी संस्कृति के हैं।” भाजपा के विजय शाह ने भी उनका समर्थन किया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा, “विजयवर्गीय ने भाई-बहन जैसे पवित्र रिश्ते पर घटिया टिप्पणी कर अपनी संकीर्ण मानसिकता का परिचय दिया। उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं लगती और उन्हें अब इलाज की ज़रूरत है।”
शाजापुर, भोपाल और इंदौर में विरोध प्रदर्शन के बाद मामला राजनीतिक गलियारे तक गरमाया हुआ है, और दोनों पक्षों के बीच बयानबाजी जारी है।
