इंदौर। सेवा पखवाड़े के अंतर्गत भाजपा का प्रबुद्धजन संवाद शनिवार को जाल सभागृह में आयोजित हुआ। इस अवसर पर नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार, सांसद शंकर लालवानी, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रबुद्धजन मौजूद रहे।

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने हर क्षेत्र में तरक्की की है। रक्षा सौदों में 33 प्रतिशत वृद्धि हुई है और सेना को सशक्त बनाया गया है। उन्होंने कहा कि मोदी ने आपदा को अवसर में बदला और भारत की अर्थव्यवस्था को दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाया।

सांसद शंकर लालवानी ने बताया कि इंदौर और आसपास 50 हजार करोड़ से अधिक के विकास कार्य प्रगति पर हैं। बेहतर रेल और हवाई कनेक्टिविटी से बड़ी कंपनियां इंदौर की ओर आकर्षित हो रही हैं।

राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार ने कहा कि मोदी ने राजनीति को नई दिशा दी है। उन्होंने 25 करोड़ गरीबों का जीवन बदलकर विश्व पटल पर भारत का सम्मान बढ़ाया है।

भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कहा कि स्वच्छता अभियान की शुरुआत इंदौर से हुई थी और आज मोदी के संकल्पों को आत्मसात कर शहर विकास की नई इबारत लिख रहा है।

कार्यक्रम में कई सामाजिक संगठनों, वकीलों, डॉक्टरों, इंजीनियरों और व्यापारियों ने भी भाग लिया।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।