मृतकों के परिजनों को 50 लाख तथा बीमारों को 5 लाख मुआवजा देने की मांग
इंदौर। भागीरथपुरा में दूषित पानी से हो रही लगातार मौतों के लिए नगर निगम और राज्य शासन जिम्मेदार है। दूषित पानी की लंबे समय से शिकायत आ रही थी, लेकिन जिम्मेदारों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, केवल अधिकारियों का स्थानांतरण या निलंबन कर शासन ने इतिश्री कर ली। इस घटना की व्यापक जांच होना चाहिए और ऐसी व्यवस्था होना चाहिए कि आने वाले समय में शहर में ऐसी कोई अप्रिय घटना घटित न हो। समाजवादी पार्टी नगरी प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और महापौर पुष्यमित्र भार्गव को घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। भागीरथपुरा की घटना में सभी मृतकों के परिजनों को 50 लाख रुपए तथा बीमारों को 5 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही संपूर्ण घटना की न्यायिक जांच करवा कर दोषी लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा चलाया जाए। यह बात आज इंदौर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में समाजवादी पार्टी के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामबाबू अग्रवाल, प्रदेश महासचिव रामस्वरूप मंत्री एवं नगर अध्यक्ष राजेंद्र यादव ने कही।
अग्रवाल ने कहा कि इस घटना ने पूरे मध्यप्रदेश को शर्मसार कर दिया है। पार्टी द्वारा प्रदेश के प्रत्येक जिले में प्रदर्शन कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए दूषित जल प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने तथा घटना की न्यायिक जांच की मांग की, ऐसा नहीं करने पर सतत आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विभिन्न जिलों में प्रदर्शन के बाद 10 जनवरी को सपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव के नेतृत्व में इंदौर में किला मैदान स्थित विजयवर्गीय के बंगले का घेराव कर प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे। सभी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी सुबह 11 बजे बड़ा गणपति चौराहे पर एकत्र होकर पैदल मार्च करते हुए किला मैदान स्थित कैलाश विजयवर्गीय के बंगले पर पहुंचकर घेराव करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी की मांग है कि भागीरथपुरा की घटना के लिए कैलाश विजयवर्गीय और महापौर पुष्यमित्र भार्गव पूर्ण रूप से जिम्मेदार हैं और उन्हें तत्काल अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
