देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के वार्षिक उत्सव में 150 विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुति, कल होंगे समूहगान, मिमिक्री व बैंड्स मुकाबले
इंदौर, 1 अप्रैल 2026
देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के वार्षिक उत्सव “स्फूर्ति-2026” के अंतर्गत मंगलवार को विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलगुरु प्रो. राकेश सिंघई, कुलसचिव प्रज्वल खरे एवं डॉ. एल.के. त्रिपाठी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनकी प्रतिभा की सराहना की।
समूह नृत्य प्रतियोगिता में 14 विभागों के करीब 150 विद्यार्थियों ने भाग लेकर रंगारंग और मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। प्रतिभागियों ने विभिन्न थीम और संगीत पर आधारित प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
कल्चरल वॉक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें 28 प्रतिभागियों ने देश के अलग-अलग राज्यों और संस्कृतियों का प्रतिनिधित्व करते हुए रोचक जानकारी प्रस्तुत की।
रंगोली प्रतियोगिता में 12 विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
आयोजकों के अनुसार, स्फूर्ति-2026 के अंतर्गत 2 अप्रैल को समूहगान, मिमिक्री, फेस पेंटिंग और बैंड्स की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के भाग लेने की संभावना है।
