इंदौर में सुप्रिया श्रीनेत का भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार पर तीखा हमला

इंदौर, 04 फरवरी 2026: कॉंग्रेस की राष्ट्रीय डिजिटल मीडिया प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत बुधवार को इंदौर पहुंचीं। वे यूथ कॉंग्रेस की न्याय यात्रा में शामिल होने के बाद प्रेस क्लब में पत्रकारों से रूबरू हुईं। इस दौरान उन्होंने भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार पर तीखा हमला बोला और केंद्र सरकार की विदेश नीति से लेकर स्थानीय प्रशासन तक को कठघरे में खड़ा किया।

दुनिया में भारत की मौजूदा स्थिति पर सवाल के जवाब में सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि भारत की पहचान हमेशा से नैतिक धुरी के रूप में रही है। उन्होंने कहा कि दुनिया में भारत की भूमिका समन्वय, शांति और अहिंसा की रही है और महात्मा गांधी आज भी विश्व की नैतिक धुरी हैं।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के नेता खुद को विश्वगुरु कहते हैं, लेकिन आज स्थिति यह है कि अमेरिका कहता है सीजफायर करो—तो “जी हुजूर”, रूस से तेल न खरीदने को कहता है—तो “जी हुजूर”, ट्रेड डील में ज़ीरो परसेंट टैरिफ लगाने को कहता है—तो फिर “जी हुजूर”।

सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि इस तरह की स्थिति ने देश की स्वाधीनता और संप्रभुता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि जो लोग कहते थे कि पप्पा वार रुकवा देंगे, वे आज एक साधारण ट्रेड डील की भी पूरी जानकारी देश को नहीं दे पा रहे हैं। ट्रेड डील को डेढ़ दिन बीत चुका है, लेकिन सरकार डिटेल बताने में असमर्थ है।

उन्होंने कहा कि भारत तब तक नैतिक धुरी बना रह सकता है, जब तक वह अपने आंतरिक लोकतंत्र और प्रजातंत्र को मजबूत रखेगा, अपने लोगों के बीच शांति और अहिंसा की भावना को संजोएगा। अगर देश के भीतर भाई को भाई से लड़ाया जाएगा, तो भारत दुनिया में अपना भरोसा और अपनी क्षमता दोनों खो देगा।

प्रेस वार्ता के दौरान सुप्रिया श्रीनेत ने भागीरथपुरा दूषित जल कांड का मुद्दा उठाते हुए राज्य और निगम सरकार को घेरा। उन्होने मुख्यमंत्री मोहन यादव की तरफ इशारा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अपनी जनता को साफ पानी पीने नहीं दे सकता , वो क्या देगा? उन्होने कहा सरकार जनता को बुनियादी जरूरते भी पूरी नहीं कर पा रही है। उन्होने कॉंग्रेस की मांगों को भी दोहराते हुए इस मामले में जिम्मेदार मंत्री की तत्काल बर्खास्तगी की मांग की और इंदौर महापौर पर गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज करने की मांग उठाई। साथ ही उन्होंने दूषित पानी से प्रभावित पीड़ित परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग भी दोहराई।

इस दौरान उन्होने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर भी हमला बोला और प्रशासन की घनघोर लापरवाही पर सवाल उठाए चाहे शंकराचार्य अविकतेश्वरानंद का मामला हो या बटुकों की पिटाई का। उन्होने नोयडा में प्रशासनिक लापरवाही से एक इंजीनियर की पानी में डूबने से हुई मौत पर सवाल खड़े किए।

प्रेस कोंफ्रेस में श्रीनेत के साथ शहर कॉंग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, जिला अध्यक्ष विपिन वानखेडे, यूथ कॉंग्रेस अध्यक्ष अमित पटेल और अन्य मौजूद रहे।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *