‘टाइम बैंक’ इंदौर चैप्टर की ऑफिशियल लांचिंग
इंदौर में 200 से अधिक लोग अब तक जुड़े, अकेले और जरूरतमंदों के लिए बनेगा सहारा
इंदौर,29 नवंबर 2025। शहर में सामाजिक सहयोग का एक नया अध्याय शुरू हो गया है। शनिवार, 29 नवंबर को टाइम बैंक इंदौर चैप्टर का औपचारिक रूप से लांच किया गया। शुरुआत के साथ ही 225 से अधिक लोग इस पहल से जुड़ चुके हैं। देश के कई शहरों में सफलतापूर्वक चल रहे इस मॉडल को अब इंदौर में भी मूर्तरूप मिला है। 29 नवंबर को एमजी रोड गांधी हॉल स्थित अभिनव काला केंद्र में इस केंद्र का औपचारिक शुभारंभ टाइम बैंक के फाउंडर पी सी जैन ने किया।
इस अवसर पर एम के आई इंटरनेशनल बैंक के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम शहर के वरिष्ठ नागरिकों ने शिरकत की और संवाद मंच दिया गया। एम के आई इंटरनेशनल बैंक की उमा झंवर ने इस अवसर पर वरिष्ठ जनों को नेत्रदान का महत्व समझाते हुए नेत्रदान संकल्प की शपथ दिलवाई।
क्या है टाइम बैंक?
टाइम बैंक एक ऐसा मंच है जहां लोग अपने समय रूपी सेवाओं को ‘डोनेट’ करते हैं। खासतौर पर वे लोग, जो अकेले रहते हैं या जिनके पास मदद करने वाला कोई नहीं है—उन तक टाइम बैंक के सदस्य तुरंत पहुंचते हैं और आवश्यक सहायता प्रदान करते हैं, जो बिलकुल निशुल्क है। और फिर वही जरूरतमन्द व्यक्ति अपना समय अगली बार किसी और जरूरतमन्द को डोनेट कर सकता है।
कैसे काम करता है यह सिस्टम?
देश → राज्य → शहर → पिन कोड
इसी क्रम में इसकी संरचना बनाई गई है।
हर पिन कोड में पिन कोड एडमिन नियुक्त किए जाते हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर कुछ किलोमीटर के दायरे में ही मदद तुरंत पहुंच सके।
टाइम बैंक की ओफिशियल वेबसाइट के अनुसार 28 राज्यों के 415 शहरों में इसके 8927 सदस्य हैं।
सीनियर भी जुड़े, युवा भी आगे आए
इस पहल में सबसे अधिक भागीदारी रिटायर्ड नागरिकों की है, जो अपने अनुभव और समय को समाज के लिए उपयोग कर रहे हैं। साथ ही युवा भी उत्साहपूर्वक खुद को इस सेवा अभियान से जोड़ रहे हैं।
फाउंडर जयपुर से पहुंचे
जयपुर से आए टाइम बैंक के फाउंडर पीसी जैन, रिटायर्ड बैंक अधिकारी ने इंदौर चैप्टर की शुरुआत करते हुए कहा कि यह मॉडल समाज में एक नई तरह की मानव-श्रृंखला बनाता है, जहां “समय” ही सेवा का माध्यम बन जाता है।
इंदौर में टाइम बैंक का यह नया अध्याय बुजुर्गों, अकेले रहने वाले नागरिकों और जरूरतमंदों के लिए उम्मीद की एक नई किरण माना जा रहा है।
यदि आप इस बैंक से जुड़ना चाहते हैं तो www.timebankofindia.com की वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
रिटायर्ड बैंक अधिकारी और टाइम बैंक इंदौर विजयनगर के सदस्य हेमंत कश्यप ने बताया कि यह पूरी तरह सुरक्षित है। जब कोई हमारे बैंक से जुड़ना चाहता है और वह वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन करता है, उसके बाद टीम के सदस्य उसके प्रोफाइल को वेरिफ़ाई करते हैं। जरूरत पड़ने पर उसके घर तक जाते हैं। पूरी संतुष्टि के बाद ही उसे टाइम बैंक का सदस्य बनाते हैं।
