जनजाति सामाजिक नेतृत्व संवाद कार्यक्रम संपन्न
इंदौर, 29 नवंबर 2025: संघ के शताब्दी वर्ष के तहत हिंदू समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद के क्रम में जनजाति विकास मंच द्वारा आयोजित जनजाति सामाजिक नेतृत्व संवाद मालवा प्रांत में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जनजाति समाज के प्रतिनिधियों ने स्वावलंबन, शिक्षा, नशामुक्ति, कुरीतियों के निवारण तथा विशेष रूप से धर्मांतरण रोकथाम के लिए चल रहे प्रयासों की जानकारी दी। समाज में 4 डी—दहेज, दारू, धर्मांतरण और डीजे पर रोक के लिए बनाए जा रहे जनजागरण माहौल का विवरण भी प्रस्तुत किया गया।
सरकार्यवाह होसबोले ने जनजाति क्षेत्र में कार्यरत विभिन्न संगठनों—एकल अभियान, कल्याण आश्रम, सेवा भारती, जनजाति विकास मंच और जनजाति सुरक्षा मंच—द्वारा शिक्षा, स्वावलंबन, कृषि और धर्म जागरण के क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने जनजाति अस्मिता और अस्तित्व, दोनों की रक्षा को आवश्यक बताया।
उनके अनुसार अस्मिता में भाषा, परंपरा, मान्यताएं और प्रकृति पूजन का संरक्षण शामिल है, जबकि अस्तित्व के लिए विकास और आधुनिक व्यवस्था के साथ कदमताल करना जरूरी है। अंतिम सत्र में उन्होंने उपस्थित लोगों के प्रश्नों का उत्तर दिया।
होसबोले ने कहा कि भारत विश्व के कल्याण के लिए जीने वाला देश रहा है और “भारत को भारत बनाए रखने का नाम ही हिंदुत्व है।” उन्होंने यह भी कहा कि समाज में डीजे संस्कृति को रोकने के साथ “धर्म जागरण के दूसरे डीजे” को बढ़ावा देने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में मालवा प्रांत के संघचालक डॉ. प्रकाश शास्त्री और भीमानायक वनांचल समिति के अध्यक्ष अजमेर सिंह भी मंच पर उपस्थित रहे। संचालन खेमसिंह जामरा ने किया और प्रस्तावना रूपसिंह नागर ने रखी। अंत में आभार अजमेर सिंह ने व्यक्त किया।
दत्तात्रेय होसबोले के आगामी कार्यक्रम के तहत रविवार को मालवा प्रांत के चयनित नागरिकों के बीच नागरिक गोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही कल से वृहद गृह संपर्क अभियान की शुरुआत होगी, जिसके तहत हिंदू समाज के घरों पर संपर्क किया जाएगा।
