विश्व महिला दिवस पर विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाशाली महिलाओं का सम्मान
इंदौर, 11 मार्च 2026। विश्व महिला दिवस के अवसर पर समाज सेवा प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं का सम्मान किया गया। 9 मार्च को आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि आज की महिलाएं घरेलू जिम्मेदारियों के साथ-साथ हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय दे रही हैं और समाज में अपनी मजबूत पहचान बना रही हैं।
समारोह में अंतरराष्ट्रीय गोताखोर एवं घुड़सवारी खिलाड़ी पलक शर्मा, अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी कंचन दीक्षित तथा राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी मुस्कान शर्मा, प्रीति पाल और वैष्णवी पवार को मेमेंटो और उपहार देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय पलक नरवरिया, नम्रता सावंत, रुचि श्रोत्रिय और शीतल जायसवाल को भी सम्मानित किया गया।
समाज सेवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष आलोक खरे ने बताया कि संस्था वर्षों से बच्चों और महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्य कर रही है। संस्था न केवल विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करती है, बल्कि महिलाओं और बच्चों को आगे बढ़ने के लिए मंच भी उपलब्ध कराती है। उन्होंने कहा कि संस्था से जुड़े कई बच्चे आज विभिन्न क्षेत्रों में उच्च पदों पर कार्यरत हैं।
कार्यक्रम में शास्त्रीय गायिका कल्पना झोकरकर ने कहा कि महिलाओं को अपने अस्तित्व और पहचान के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ती है और यही संघर्ष उन्हें मजबूत बनाता है। वरिष्ठ कथाकार अंतरा करवडे ने महिलाओं से निर्भीक होकर समाज में आगे बढ़ने और तकनीक के क्षेत्र में अपनी विशेष पहचान बनाने का आह्वान किया। पर्यावरणविद् मेघा बर्वे ने कहा कि महिलाएं समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की महत्वपूर्ण शक्ति हैं।
न्यूजओ2 की एडिटर नेहा जैन ने कहा कि महिलाएं आज लगभग हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, लेकिन उनकी सुरक्षा अभी भी एक महत्वपूर्ण मुद्दा है। उन्होंने कहा कि POSH एक्ट के तहत संस्थानों में आंतरिक शिकायत समिति का गठन अनिवार्य है, लेकिन इसके प्रभावी क्रियान्वयन को और मजबूत बनाने की आवश्यकता है। कई बार महिलाएं अपने साथ हुए दुर्व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाती हैं, लेकिन पर्याप्त सुरक्षा के अभाव और सामाजिक दबाव के कारण पीछे हट जाती हैं। उन्होंने महिलाओं से आर्थिक स्वतंत्रता के साथ अपनी जिम्मेदारियों को भी समझने की बात कही।

इस अवसर पर माया ढोने, रंजना नाईक और भारती सरवटे ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में महिलाओं को प्रेरित करने वाले फिल्मी गीतों की सुमधुर प्रस्तुति हेमा मछया और शर्मिष्ठा बनर्जी ने दी।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत श्याम पांडे, पुष्पा महाडिक, अर्चना डाबी और अशोक कापरनिस ने किया। संचालन वर्षा पाठक ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन अर्चना दीक्षित ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
