समाज में एकता और धर्माचारण पर जोर
महावीर जन्म कल्याणक शोभायात्रा के संयोजक बने नकुल पाटोदी, करीब 50 पदाधिकारियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली
इंदौर, 11 मार्च 2026: दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद, इंदौर के बिना निर्वाचन प्रक्रिया के नव-मनोनीत पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों ने 9 मार्च को पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर समाज के संगठनात्मक कार्यों की जिम्मेदारी संभाली। एम.जी. रोड स्थित प्रेस क्लब सभागृह में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में नए अध्यक्ष विनय बाकलीवाल ने नव पदाधिकारियों से एकजुट होकर समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया।
समाज प्रचारक सतीश जैन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि समारोह में समाज श्रेष्ठी अशोक बढ़जात्या ने नव पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर समाज के पूर्व अध्यक्ष राजकुमार पाटोदी, नरेंद्र वेद, संदीप जैन मोयरा, आर.के. जैन रानेका, धीरेंद्र कासलीवाल, नकुल पाटोदी, सुभाष सामरिया और रानी दोषी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
शपथ लेने वालों में महामंत्री देवेंद्र सोगानी, संगठन महामंत्री जेनैश झांझरी, कोषाध्यक्ष पिंकेश टोंग्या, प्रचार प्रमुख सतीश जैन, समन्वयक डी.के. जैन, अनिल जैन जैनको, सुरेंद्र बाकलीवाल, ऋषभ पाटनी, हर्ष जैन, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष महावीर जैन, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष अनामिका बाकलीवाल, संजय बाकलीवाल, विपिन गंगवाल और डॉ. धीरेंद्र जैन सहित करीब 50 पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य शामिल रहे।
इस दौरान आगामी महावीर जन्म कल्याणक शोभायात्रा के लिए नकुल पाटोदी को संयोजक नियुक्त किया गया। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि समाज में एकता तभी संभव है जब सत्य बोलने और धर्म के आचरण की भावना मजबूत हो। उन्होंने विश्वास जताया कि नव मनोनीत अध्यक्ष विनय बाकलीवाल के नेतृत्व में जैन समाज नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता मनीष अजमेरा ने किया, जबकि आभार संगठन महामंत्री जेनैश झांझरी ने माना।
…इधर 15 मार्च को है चुनाव
उल्लेखनीय है इंदौर की दिगंबर जैन सामाजिक संसद में दो धड़े लंबे समय से हैं। लेकिन वर्ष 2024 में प्रमाण सागर महाराज ने इंदौर चातुर्मास के दौरान समाज के दोनों धड़ों को एक होने का आग्रह किया था और 7 से 9 लोगों की एक समन्वय समिति बनाई गई थी। विनय बाकलीवाल समन्वयक थे, समन्वयक समिति ने विनय बाकलीवाल को अध्यक्ष चुन लिया तो वहीं समाज के एक बड़े वर्ग ने बिना निर्वाचन प्रक्रिया के अध्यक्ष बनाए जाने का विरोध करते हुए चुनाव कराने का फैसला किया है। अब आगामी 15 मार्च को उदासीन आश्रम, एमजी रोड पर निर्वाचन प्रक्रिया होनी है। जिसमें निर्वाचन प्रक्रिया कराने जा रहा है, जिसमें 130 से अधिक मंदिरों के 750 से अधिक मतदाता अपना वोट डालेंगे। इस चुनाव में सीधा मुक़ाबला दिलीप पाटनी और आनंद गोधा के बीच है।
