इंदौर, 28 मई। इंदौर नगर निगम द्वारा भू-जल स्तर बढ़ाने के लिए “जल गंगा संवर्द्धन अभियान” के अंतर्गत रेन वाटर हार्वेस्टिंग को अनिवार्य बनाने की दिशा में गंभीर कदम उठाए जा रहे हैं। बुधवार को स्मार्ट सिटी कार्यालय में आयुक्त शिवम वर्मा ने कॉलोनाइजरों एवं क्रेडाई संस्था के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर निर्माणाधीन और निर्मित कालोनियों में वर्षा जल संग्रहण प्रणाली को लागू करने पर बल दिया।

बैठक में अपर आयुक्त अभिलाषा मिश्रा, नागेन्द्र सिंह भदौरिया, सत्येन्द्र राजपूत, टीना सिसोदिया सहित कई प्रमुख कॉलोनाइजर एवं क्रेडाई प्रतिनिधि मौजूद रहे। आयुक्त वर्मा ने कहा कि प्रत्येक कॉलोनी और ओपन प्लॉट में रेन वाटर हार्वेस्टिंग और वॉटर रिचार्ज सॉफ्ट का निर्माण अनिवार्य किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि शहर की जल आवश्यकताओं की पूर्ति और भविष्य में जल संकट से निपटने के लिए वर्षा जल का संरक्षण बेहद जरूरी है। नगर निगम तकनीकी सहयोग और मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराएगा, जिससे वर्षा जल का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।

आयुक्त ने जन-जागरूकता के लिए विशेष अभियान चलाने की बात कही, जिसमें कॉलोनाइजर, क्रेडाई संस्था और सामाजिक संगठनों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।