भीषण जाम के बाद प्रशासन सतर्क, वैकल्पिक मार्ग और सर्विस रोड दुरुस्त करने पर जोर
इंदौर, 28 जून 2025 : कल इंदौर-देवास बायपास पर 32 घंटे तक चला भीषण जाम तीन जिंदगियों पर भारी पड़ गया। इस दर्दनाक हादसे के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। आज सुबह से ही कलेक्टर आशीष सिंह के निर्देश पर पूरा प्रशासनिक अमला सड़क पर उतर आया। बायपास पर यातायात सुचारू रखने के लिए एडीएम, एसडीएम, पुलिस, यातायात विभाग, होमगार्ड और एनएचएआई के अधिकारी सक्रिय दिखे।
अर्जुन बरोदा पुल पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उनके साथ कलेक्टर सिंह, डीआईजी निमिष अग्रवाल, ट्रैफिक डीआईजी अरविंद तिवारी, एसपी श्रीमती हीतिका वासल सहित तमाम आला अधिकारी उपस्थित रहे। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी हालत में यातायात बाधित न हो। क्रेन, एंबुलेंस और अतिरिक्त पुलिस बल के साथ 50 एनएचएआई वॉलंटियर्स को तैनात किया गया है।
मानपुर में भारी वाहनों को रोककर गरोठ-बड़नगर-देवास की ओर डायवर्ट किया गया है, वहीं देवगुराड़िया से भोपाल जाने वाले वाहनों को डबलचौकी-चापड़ा होकर भेजा जा रहा है। बायपास पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर और कमजोर सर्विस रोड के कारण समस्या और बढ़ी है। एनएचएआई द्वारा अर्जुन बड़ौदा व राला मण्डल की सर्विस रोड पर डीएलसी व पेवर ब्लॉक बिछाने का काम तेजी से किया जा रहा है।
प्रशासन की मुस्तैदी के चलते अब हालात सामान्य हो रहे हैं। कलेक्टर लगातार हालात की निगरानी कर रहे हैं और कहा कि वर्षा में भी यातायात बहाल रखना उनकी प्राथमिकता है।
